Oppo Pad Mini भारत में हुआ लॉन्च, 8,000mAh बैटरी के अलावा मिले कई खास फीचर्स
punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2026 - 07:12 PM (IST)
नई दिल्ली: टेक दिग्गज ओप्पो ने भारतीय बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करते हुए अपना पहला कॉम्पैक्ट फ्लैगशिप टैबलेट Oppo Pad Mini आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। यह नया टैबलेट अत्याधुनिक फीचर्स, प्रीमियम डिजाइन और पोर्टेबिलिटी का बेहतरीन मिश्रण पेश करता है। 282 ग्राम वजन और महज 5.46 मिमी की मोटाई के साथ आने वाला यह डिवाइस बेहद हल्का और उपयोग में आसान है।
डिवाइस की सबसे बड़ी खासियत इसकी 8.8-इंच की 2.5K (2,520 x 1,680 पिक्सल OLED स्क्रीन है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट और 1,600 निट्स की पिक ब्राइटनेस को सपोर्ट करती है। स्क्रीन पर विशेष 'मैट फिनिश' दी गई है, जो धूप या तेज रोशनी में आंखों पर पड़ने वाली चकाचौंध (ग्लेयर) को कम करती है और स्टाइलस के उपयोग पर कागज जैसी ग्रिप और अनुभव प्रदान करती है।
परफॉर्मेंस के मामले में यह टैबलेट 3.8GHz क्लॉक स्पीड वाले Snapdragon 8 Gen 5 फ्लैगशिप प्रोसेसर और Adreno 829 GPU द्वारा संचालित है। Android 16 पर आधारित ColorOS 16 पर चलने वाला यह डिवाइस 12GB तक LPDDR5x RAM और 512GB तक UFS 4.1 इनबिल्ट स्टोरेज को सपोर्ट करता है। इसके अलावा, फोटोग्राफी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 13-मेगापिक्सल का रियर और 8-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है।
लंबे बैकअप के लिए Oppo Pad Mini में 8,000mAh की पावरफुल बैटरी दी गई है, जो 67W फास्ट वायर्ड चार्जिंग तकनीक के साथ आती है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें Wi-Fi 7, ब्लूटूथ और USB Type-C पोर्ट शामिल हैं। भारत में इसके 8GB RAM + 256GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 94,999 रुपये रखी गई है। 'लैवेंडर' कलर ऑप्शन में पेश किया गया यह टैबलेट 29 अक्टूबर से ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट और ओप्पो के आधिकारिक ऑनलाइन स्टोर पर बिक्री के लिए उपलब्ध होगा।
