Good News: Apple का आईफोन हो सकता है सस्ता!

Friday, Jun 12, 2015 - 01:36 PM (IST)

नई दिल्ली: आईफोन यूजर्स के लिए अच्छी खबर है। ऐपल का आईफोन सस्ता हो सकता है। स्मार्टफोन बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी ऐपल भी अब अपने आईफोन के लिए मेक इन इंडिया के कॉन्सेप्ट पर काम कर सकती है। भारत में अपार संभावनाओं के चलते ताइवान की फॉक्सकॉन टेक्नॉलजी भारत में ऐपल के स्मार्टफोन बनाने के लिए बात कर रही है। 

अगर ऐसा हुआ तो भारतीयों के लिए यह सबसे अच्छी बात यह हो सकती है कि उन्हें ऐपल के स्मार्टफोन कम कीमत में मिल सकते हैं। अब तक फॉक्सकॉन ज्यादातर आईफोन चीन में बनाती आई है, लेकिन वहां मजदूरी तेजी से बढ़ रही है। ऐपल भारत में सेल्स बढ़ाना चाहती है। 

महाराष्ट्र सरकार के उद्योग मंत्री सुभाष देसाई ने बताया कि फॉक्सकॉन एक महीने के अंदर प्लांट की लोकेशन की पहचान के लिए अपने ऐग्जिक्युटिव यहां भेजेगी। फॉक्सकॉन ने कहा है कि वह भारत में 2020 तक 10-12 फसिलटीज डिवेलप करना चाहती है। हालांकि, कंपनी ने भारत में आईफोन बनाने की योजना के बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

Advertising