भारत फुटबाल की‘जुनूनी ताकत’है: इन्फेंटिनो

punjabkesari.in Wednesday, Sep 28, 2016 - 03:20 PM (IST)

पणजी:  भारत को फुटबाल में हमेशा सोया हुआ शेर कहा जाता था लेकिन अंतरराष्ट्रीय फुटबाल महासंघ (फीफा) के अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने भारत को अब फुटबाल की जुनूनी ताकत का नया नाम दे डाला है।  

फीफा अध्यक्ष अगले वर्ष भारत में होने वाले अंडर-17 विश्वकप के आधिकारिक लोगो के लांच के लिए भारत दौरे पर आये हुये हैं। केन्द्रीय खेल मंत्री विजय गोयल, फीफा अध्यक्ष इन्फेंटिनो और अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने इस विश्वकप के आधिकारिक लोगो को यहां मंगलवार को लांच किया। अंडर-17 विश्वकप 2017 के अक्टूबर महीने में देश के छह स्थलों पर खेला जाएगा।   

इन्फेंटीनो ने लोगो लांच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारत को हमेशा सोया हुआ शेर कहा जाता रहा है लेकिन यहां मैंने जो देखा है और जो महसूस किया है , उससे मैं यह निश्चित रूप से कह सकता हूं कि भारत अब फुटबाल की जुनूनी ताकत है।  फीफा अध्यक्ष ने कहा कि भारत में फुटबाल को लेकर जबरदस्त जुनून है। भारत को यदि जुनून का विश्व चैंपियन कहा जाए तो गलत नहीं होगा। यह सबकुछ एआईएफएफ की कड़ी मेहनत की बदौलत ही संभव हो पाया है। एआईएफएफ ने जो काम किये हैं वे प्रभावशाली हैं। इसे मात्र संयोग नहीं कहा जाएगा कि भारत में फुटबाल का विकास हो रहा है। यह सबकुछ कड़ी मेहनत से संभव हो पाया है। परिणाम रातों-रात नहीं आते हैं , इसमें समय लगता है। 

उन्होंने कहा कि मैं भारत में फुटबाल के विकास का ग्राफ आगे बढ़ता हुआ देख रहा हूं। युवाओं को जोडऩे के लिये मिशन इलेवन मिलियन सराहनीय है। यहां लोगों ,खिलाडियों और प्रशंसकों में इस खेल को लेकर जबरदस्त उन्माद है जिससे फुटबाल का भविष्य सुखद दिखाई देता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News