प्रेग्नेंसी के दौरान Yash और Geetu Mohandas ने किया Kiara Advani का सपोर्ट
punjabkesari.in Tuesday, Aug 25, 2026 - 11:36 AM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। चेन्नई में आयोजित ‘टॉक्सिक’ के प्री-रिलीज इवेंट में कियारा आडवाणी ने फिल्म से जुड़ा एक बेहद निजी अनुभव शेयर किया। उन्होंने बताया कि जब उन्हें अपनी प्रेग्नेंसी के बारे में पता चला, तो परिवार के बाद यश और गीतू मोहनदास उन पहले लोगों में शामिल थे, जिन्हें उन्होंने यह खुशखबरी दी थी। कियारा ने कहा, “जब मैं प्रेग्नेंट हुई, तो अपने परिवार के बाद आप दोनों पहले दो लोग थे, जिन्हें मैंने यह खबर बताई थी।”
‘आप दोनों की आंखों में आंसू थे’
कियारा ने बताया कि उनकी प्रेग्नेंसी की खबर सुनकर यश और गीतू ने फिल्म पूरी करने की चिंता नहीं की, बल्कि बेहद खुशी के साथ उन्हें बधाई दी। एक्ट्रेस के मुताबिक, दोनों की आंखों में आंसू थे और उन्होंने कहा था, “हम अब साथ में जिंदगी का सबसे अच्छा समय बिताने वाले हैं, कियारा।” कियारा ने कहा कि इस प्रतिक्रिया ने उन्हें बेहद भावुक कर दिया। उन्होंने बताया कि उन्हें सेट पर सहज रहने, अपनी पसंद का खाना खाने और आराम से काम करने के लिए कहा गया।
‘आपने मुझे महसूस कराया कि मैं कुछ भी कर सकती हूं’
यश और गीतू के सपोर्ट के लिए कियारा ने उनका शुक्रिया अदा करते हुए कहा, “आप दोनों ने उस वक्त मुझे सच में महसूस कराया कि मैं कुछ भी कर सकती हूं।” उन्होंने आगे कहा कि वह यश और गीतू के इस मानवीय रवैये को कभी नहीं भूलेंगी। कियारा ने दोनों को बेहतरीन टीम बताते हुए कहा कि उन्होंने मिलकर एक शानदार फिल्म बनाने की कोशिश की और इस सफर को यादगार बनाया।
‘टॉक्सिक’ को ग्लोबल लेवल पर ले जाने का था सपना
कियारा ने फिल्म के बड़े विजन के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य भारतीय सिनेमा के बेहतरीन कलाकारों और तकनीशियनों को एक साथ लाकर फिल्म को ग्लोबल स्तर तक पहुंचाना था। कियारा ने उम्मीद जताई कि 26 अगस्त को फिल्म रिलीज होने के बाद दर्शक इसकी मेहनत, जुनून और पागलपन को महसूस करेंगे और सिनेमाघरों में इसका आनंद उठाएंगे। फिल्म में कियारा, यश के साथ नादिया के किरदार में नजर आएंगी।
