‘VIBE’ के ‘रातों में आना’ गाने में दिखा प्यार और शरारत का रंग, अमित त्रिवेदी ने दी आवाज
punjabkesari.in Thursday, Aug 27, 2026 - 04:05 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। कुणाल खेमू की आने वाली एक्शन-कॉमेडी फिल्म ‘VIBE’ का पहला गाना ‘रातों में आना’ रिलीज हो गया है। अमेजन MGM स्टूडियोज और टिप्स म्यूजिक की ओर से जारी किए गए इस रोमांटिक और मस्तीभरे ट्रैक में प्यार, शरारत और दोस्ती का मजेदार अंदाज देखने को मिल रहा है। गाने की कैची धुन और एनर्जेटिक बीट्स इसे पहली बार सुनते ही जुबान पर चढ़ने वाला ट्रैक बनाती हैं।
‘रातों में आना’ को अमित त्रिवेदी ने कंपोज करने के साथ अपनी आवाज भी दी है, जबकि गाने के बोल कुमार ने लिखे हैं। गाने की लाइन ‘रातों में आना, फिर सुबह जाना’ इसका सबसे खास हुक है, जो ट्रैक को एक अलग और प्लेफुल अंदाज देता है। गाने के जरिए फिल्म की यंग, रोमांटिक और मस्ती से भरी दुनिया की झलक भी देखने को मिलती है।
अमित त्रिवेदी ने बताया गाने के पीछे का आइडिया
गाने के बारे में बात करते हुए अमित त्रिवेदी ने कहा कि ‘रातों में आना’ पर काम शुरू करते ही उन्हें इसमें एक खास तरह की प्लेफुल एनर्जी महसूस हुई, जिसे वह बरकरार रखना चाहते थे। उनके मुताबिक कुमार के लिरिक्स में प्यारी सी शरारत है और गाने का हुक बेहद नेचुरल रिदम वाला है।
अमित ने बताया कि उन्होंने धुन को सिंपल और कैची रखने की कोशिश की, ताकि दर्शक इसे आसानी से गुनगुना सकें। उन्होंने कहा कि फिल्म ‘VIBE’ की अपनी अलग एनर्जी है और यह गाना उसकी दुनिया में एक नया फ्लेवर जोड़ने के साथ-साथ अपनी अलग पहचान भी बनाए।
दो दोस्तों की कहानी है ‘VIBE’
‘VIBE’ की कहानी दो ऐसे दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक-दूसरे के बेहद करीब हैं। उनकी सामान्य जिंदगी अचानक एक हाई-एनर्जी और अनप्रेडिक्टेबल एडवेंचर में बदल जाती है। इस दौरान दोनों को ऐसे हालात का सामना करना पड़ता है, जो उनकी दोस्ती के साथ-साथ उनकी सर्वाइवल इंस्टिंक्ट की भी परीक्षा लेते हैं।
फिल्म को कुणाल खेमू और चिराग निहलानी ने ड्रोंगो फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। कुणाल खेमू ने ही फिल्म की कहानी लिखने के साथ इसका निर्देशन भी किया है।
प्रीति जिंटा समेत ये कलाकार आएंगे नजर
‘VIBE’ में कुणाल खेमू के साथ प्रीति जिंटा, स्पर्श श्रीवास्तव और डेब्यूटेंट वंशिका धीर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का म्यूजिक टिप्स म्यूजिक की ओर से पेश किया जा रहा है, जो फिल्म की यंग और अनप्रेडिक्टेबल कहानी में एक और रंग जोड़ने वाला है।
‘रातों में आना’ के रिलीज होने के साथ ही फिल्म को लेकर दर्शकों की एक्साइटमेंट भी बढ़ गई है। रोमांस, कॉमेडी, दोस्ती और एडवेंचर के मिश्रण वाली ‘VIBE’ 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
