Review: फूड सेफ्टी पर बड़ा सवाल उठाती है यह दमदार फिल्म, भावनाओं और सच्चाई का असरदार मेल

punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 10:00 AM (IST)

फिल्म- द इंडिया स्टोरी (The India Story)
स्टारकास्ट- काजल अग्रवाल (Kajal Agarwal) ,श्रेयश तलपडे (Shreyas Talpade) ,त्रिशा शारदा (Trisha Sharda) ,मुरली शर्मा (Murli Sharma) ,अतुल तिवारी (Atul Tiwari)
डायरेक्टर- चेतन डीके (Chettan DK)
रेटिंग- 3.5*

 

The India Story: हम जो खाना रोज अपनी थाली में परोसते हैं, क्या वह सच में सुरक्षित है या फिर धीरे-धीरे हमारी सेहत को नुकसान पहुंचा रहा है? निर्देशक चेतन डीके की फिल्म 'द इंडिया स्टोरी' इसी गंभीर सवाल को केंद्र में रखती है। श्रेयस तलपड़े, काजल अग्रवाल और मनीष वाधवा स्टारर यह फिल्म खाने में मिलावट, जहरीले कीटनाशकों और इनके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले खतरनाक असर को बड़े पर्दे पर दिखाने की कोशिश करती है। लेकिन क्या यह फिल्म अपने संवेदनशील विषय के साथ न्याय कर पाती है और दर्शकों को बांधे रखने में सफल होती है? आइए जानते हैं फिल्म का पूरा रिव्यू।

कहानी
फिल्म की कहानी पूर्व सेना अधिकारी मेजर योगेश पाटिल (श्रेयस तलपडे) के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी दुनिया तब बिखर जाती है जब उसकी सात साल की बेटी परी (त्रिशा शारदा) को ब्लड कैंसर होने का पता चलता है। बेटी को बचाने के लिए योगेश हरसंभव कोशिश करता है और अपना सबकुछ दांव पर लगा देता है, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद वह उसे नहीं बचा पाता। बेटी की मौत के बाद योगेश को यह चौंकाने वाली जानकारी मिलती है कि उसकी बीमारी की एक बड़ी वजह खाने-पीने की चीजों में मौजूद जहरीले कीटनाशक थे। इस सच के सामने आने के बाद वह जिम्मेदार लोगों को बेनकाब करने का फैसला करता है। उसकी लड़ाई सिर्फ कीटनाशक बनाने वाली कंपनियों से ही नहीं, बल्कि सरकारी व्यवस्था और अधिक उत्पादन के लिए अंधाधुंध कीटनाशकों का इस्तेमाल करने वाले किसानों तक पहुंचती है।

इस कानूनी और सामाजिक संघर्ष में योगेश का साथ देती हैं एडवोकेट अर्चना (काजल अग्रवाल)। वह अदालत में इस मामले को मजबूती से उठाते हुए यह दिखाने की कोशिश करती हैं कि देश में कीटनाशकों के बढ़ते इस्तेमाल का लोगों की सेहत, खासकर कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से कितना गहरा संबंध है। क्या योगेश अपनी बेटी के लिए इंसाफ हासिल कर पाएगा? क्या यह लड़ाई व्यवस्था में कोई बदलाव ला सकेगी? इन सवालों के जवाब जानने के लिए आपको पूरी फिल्म देखनी होगी।

एक्टिंग
फिल्म द इंडिया स्टोरी में काजल अग्रवाल, श्रेयश तलपडे, त्रिशा शारदा, मुरली शर्मा और अतुल तिवारी मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं। काजल अग्रवाल ने वकील के किरदार में फूड सेफ्टी को लेकर आवाज उठाई जो काबिले तारीफ है। वहीं श्रेयश तलपडे ने भी एक पिता की भूमिका को बखूबी निभाया। उनके एक्ट ने उनके किरदार को जीवंत कर दिया। बात करें त्रिशा शारदा, मुरली शर्मा और अतुल तिवारी की तो उन्होंने भी अपने-अपने किरदार के साथ न्याय किया। 

डायरेक्शन
चेतन डीके के निर्देशन में बनी 'द इंडिया स्टोरी' एक गंभीर और संवेदनशील विषय को प्रभावशाली ढंग से पर्दे पर पेश करती है। निर्देशक ने फिल्म के हर दृश्य को बारीकी और वास्तविकता के साथ गढ़ा है, जिससे कहानी दर्शकों पर गहरा असर छोड़ती है। फिल्म जिस मुद्दे को उठाती है वह आज के समय में कई परिवारों के लिए बेहद प्रासंगिक है। कुछ दृश्य भावनात्मक रूप से असहज या विचलित कर सकते हैं, लेकिन यही इसकी सबसे बड़ी ताकत भी है क्योंकि फिल्म बिना लाग-लपेट के सच्चाई को सामने लाने की कोशिश करती है। कुल मिलाकर, चेतन डीके का निर्देशन फिल्म को प्रभावशाली बनाता है और इसे एक बार जरूर देखा जाना चाहिए।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Manisha

Related News