20 साल की उम्र में थम गई जिंदगी, 3 साल तक कैंसर से जंग लड़ने के बाद Famous Influencer का हुआ निधन

punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 12:04 PM (IST)

Sydney Towle passed away : सोशल मीडिया की दुनिया से एक बार फिर दिल दुखा देने वाली खबर सामने आई है। महज 20 साल की उम्र में मशहूर टिकटॉक स्टार और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर सिडनी टोले का निधन हो गया। वह काफी समय से एक दुर्लभ बीमारी  कोलांगियोकार्सिनोमा (बाइल डक्ट कैंसर) से जूझ रही थीं। बीमारी के बावजूद सिडनी ने कभी हिम्मत नहीं हारी और मजबूती के साथ इसका सामना करती रही। उन्होंने अपने कैंसर के सफर को सोशल मीडिया के जरिए लोगों के साथ साझा किया और अपनी सकारात्मक सोच व हौसले से लाखों लोगों को प्रेरित करने की कोशिश की। 

परिवार ने शेयर की जानकारी 
परिवार ने बुधवार, 5 अगस्त को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सिडनी के निधन की दुखद खबर शेयर की। इस दौरान उन्होंने पहाड़ की चोटी पर कड़ी सिडनी की एक तस्वीर भी पोस्ट की और भावुक सन्देश लिखा। परिवार ने उन्हें अपने लिए एक प्यारी बेटी और बहन बताया, जबकि हजारों लोगों के  वह एक खास दोस्त थीं। सिडनी के बड़े भाई ऑस्टिन टोले ने भी उन्हें याद करते हुए कहा की वह उनकी सबसे अच्छी बहन थी। 

आखिरी वक्त में परिवार के साथ थीं सिडनी
जिस दिन सिडनी का निधन हुआ उससे एक दिन पहले ही उनके भाई ने बताया था की उन्हें हॉस्पिस केयर में रखा गया है। उनके आखिरी समय में उनका परिवार और खास दोस्त साथ में ही थे। परिवार के मुताबिक, सिडनी ने अपने जीवन के अंतिम पल भी अपने प्रियजनों की मौजूदगी में बिताए।

2023 में कैंसर के बारे में पता चला था 
खबरों के मुताबिक 2023 में सिडनी को अपनी इस बीमारी का पता चला था। पहले तो उन्हें सिर्फ पेट दर्द होता था लेकिन जब जांच करवाई गई तो उन्हें  पता चला कि उन्हें एक अलग तरह का कैंसर है। आमतौर पर यह बीमारी 50 की उम्र से ज्यादा लोगों में देखी जाती है लेकिन इतनी कम उम्र में ही सिडनी को इतनी बड़ी बीमारी का सामना करना पड़ा। 

आखिरी समय तक लड़ी जंग 
समय बीतने के साथ-साथ सिडनी की इस बीमारी ने फिर से गंभीर रूप ले लिया। कैंसर पहले उनके पेरिटोनियम तक पहुंचा और बाद में फेफड़ों में भी फ़ैल गया। मई 2026 में सिडनी ने बताया था कि डॉक्टरों ने एक्टिव ट्रीटमेंट रोककर उन्हें जीवन के अंतिम चरण की देखभाल लेने की सलाह दी थी हालांकि, सिडनी ने उम्मीद  नहीं छोड़ी और उन्होंने इलाज जारी रखने का फैसला किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News