Movie Review: शादी के माहौल में पनपा प्यार, हंसी-ठिठोली के साथ भावनाओं की बहार!

punjabkesari.in Thursday, Oct 02, 2025 - 10:59 AM (IST)

फिल्म- सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी (Sunny Sanskari ki tulsi kumari)
स्टारकास्ट-  वरुण धवन (Varun Dhawan), जान्हवी कपूर (Jhanvi Kapoor), सान्या मल्होत्रा (Sanya Malhotra), रोहित सराफ (Rohit Saraf), मनीष पॉल (Manisha Paul) और अक्षय ओबेरॉय (Akshay Oberoi)
डायरेक्टर- शशांक खेतान (Shashank Khaitan)
रेटिंग- 3*

अगर आप उन फिल्मों के शौकीन हैं जो प्यार में मिले धोखे को हंसी-मजाक और हल्के-फुल्के रोमांस में बदल देती हैं तो "सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी" आपके लिए एक बढ़िया वीकेंड ट्रीट हो सकती है। शादी-ब्याह के रंगीन माहौल, पारिवारिक ताने-बाने और दिल को छू लेने वाले इमोशन्स के साथ ये फिल्म पुराने बॉलीवुड रोमांस की महक और आज के दौर की ताजगी दोनों को साथ लेकर चलती है। वरुण धवन और जान्हवी कपूर की जोड़ी एक झूठे रिश्ते से शुरू होकर सच्चे एहसासों तक पहुंचती है इस सफर में कॉमेडी, ड्रामा और म्यूजिक सबकुछ मौजूद है। तो चलिए जानते हैं कैसी है फिल्म...

कहानी
फिल्म की कहानी सनी (वरुण धवन) और तुलसी (जान्हवी कपूर) के इर्द-गिर्द घूमती है। दोनों अपने-अपने टूटे हुए दिलों के साथ जी रहे हैं। सनी को उसकी प्रेमिका अनन्या (सान्या मल्होत्रा) ठुकरा चुकी है और तुलसी को उसके बॉयफ्रेंड विक्रम (रोहित सराफ) ने रिजेक्ट कर दिया है। अब चौंकाने वाली बात ये है कि अनन्या और विक्रम आपस में शादी करने जा रहे हैं। अपने पुराने प्यार को वापस जीतने के लिए सनी और तुलसी एक प्लान बनाते हैं एक नकली रिलेशनशिप का। मकसद सिर्फ इतना है कि अपने एक्स को जलाया जा सके। लेकिन इस दिखावे के दौरान धीरे-धीरे दोनों के बीच सच्ची भावनाएं पनपने लगती हैं। तो अब देखना ये होगा कि आखिर में क्या होता है। 


 
अभिनय
वरुण धवन हमेशा की तरह अपनी एनर्जी और कॉमिक टाइमिंग से स्क्रीन पर जान डालते हैं। उनका किरदार एक पुराने ज़माने के 'संस्कारी हीरो'की झलक देता है जिसमें मासूमियत और मस्ती दोनों हैं। जान्हवी कपूर इस बार सिर्फ खूबसूरती तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि उन्होंने तुलसी के किरदार में इमोशनल डेप्थ भी दिखाई है। उनकी और वरुण की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री फिल्म की सबसे बड़ी ताकतों में से एक है। सान्या मल्होत्रा और रोहित सराफ अपने छोटे लेकिन असरदार रोल्स में कहानी को बैलेंस करते हैं। इन दोनों की स्क्रीन प्रेज़ेंस फिल्म में विश्वसनीयता जोड़ती है।
मनीष पॉल, अक्षय ओबेरॉय और अभिनव शर्मा जैसे कलाकार सपोर्टिंग कास्ट में हैं और अपने किरदारों के साथ न्याय करते हैं, हालांकि स्क्रीन टाइम थोड़ा सीमित है।

डायरेक्शन
शशांक खेतान का निर्देशन फिल्म को एक रंगीन और चमकदार लुक देता है। शादी-ब्याह के सीन्स, लोकेशन और पारिवारिक माहौल फिल्म को विज़ुअली खूबसूरत बनाते हैं। सिनेमैटोग्राफी और लाइटिंग इस बात को और भी मजबूती से सपोर्ट करते हैं। फिल्म का संगीत इसकी जान है "बिजूरिया" और "परफेक्ट" जैसे गाने सिनेमाघरों में एनर्जी बनाए रखते हैं और लंबे समय तक याद रहते हैं। हालाँकि फिल्म का क्लाइमैक्स कुछ हद तक प्रेडिक्टेबल है और स्क्रिप्ट में ज्यादा नयापन नहीं है, फिर भी यह फिल्म एक एंगेजिंग अनुभव देती है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyotsna Rawat

Related News