म्यूजिक जगत में पसरा मातम, 83 साल की उम्र में मशहूर सिंगर का हुआ निधन, कैंसर ने ली जान

punjabkesari.in Sunday, Nov 15, 2026 - 04:47 PM (IST)

Richard Sterban Death : ग्रैमी पुरस्कार विजेता गॉस्पेल ग्रुप द ओक रिज बॉयज के बेस वोकलिस्ट और कंट्री म्यूजिक हॉल ऑफ फेम में शामिल 'रिचर्ड स्टर्बन' का शनिवार को निधन हो गया। उनके परिवार और बैंड ने एक बयान में यह जानकारी दी। वे 83 वर्ष के थे। परिवार और बैंड के अनुसार, 1972 से इस ग्रुप से जुड़े रहे स्टर्बन का निधन टेनेसी के हेंडरसनविले में हुआ। वे लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे और हाल ही में उन्हें ब्रोंकाइटिस और निमोनिया जैसी जटिलताओं का सामना करना पड़ा था।

स्टर्बन ने एल्विस प्रेस्ली के लिए बैकअप सिंगर की अपनी नौकरी छोड़कर इस वोकल ग्रुप को ज्वाइन किया था। यह ग्रुप मुख्य रूप से अपने गाने "एल्विरा" (Elvira) के लिए मशहूर हुआ। स्टर्बन 2025 तक इस ग्रुप के साथ लगातार टूर करते रहे, जब तक कि उनकी तबीयत खराब नहीं हो गई। 'द ओक रिज बॉयज' ने पांच ग्रैमी पुरस्कार जीते और 23 बार नामांकित हुए। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपतियों के लिए, 'अमेरिकन बैंडस्टैंड' पर, ग्रैमी अवार्ड समारोह में और 'ग्रैंड ओले ओप्री' (Grand Ole Opry) में प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने जॉनी कैश के साथ टूर किया और पॉल साइमन के हिट गाने स्लिप स्लाइडिन अवे में बैकअप वोकल्स दिए। 2015 में, स्टर्बन और बैंड के अन्य तीन सदस्यों को 'कंट्री म्यूजिक हॉल ऑफ फेम' में शामिल किया गया, जहां एल्विस प्रेस्ली भी पहले से शामिल थे। 2001 में उन्हें 'वोकल ग्रुप हॉल ऑफ फेम' में जगह मिली, और 2011 में वे ग्रैंड ओले ओप्री के सदस्य बने।

न्यू जर्सी के कैमडेन के रहने वाले स्टर्बन को 1994 में 'फिलाडेल्फिया म्यूजिक हॉल ऑफ फेम' में शामिल किया गया था। उनके साथ 'द ओक रिज बॉयज' के एक और सदस्य जो बॉनसाल को भी यह सम्मान मिला था। बॉनसाल का 2024 में निधन हो गया था और उन्होंने स्टर्बन के साथ कीस्टोन्स ग्रुप में भी गाया था। कंट्री म्यूजिक हॉल ऑफ फेम के CEO काइल यंग ने एक बयान में कहा कि स्टरबन ने अपनी विशिष्ट बेस आवाज़ का इस्तेमाल कमर्शियल कंट्री म्यूजिक को उसकी गहरी गॉस्पेल जड़ों से जोड़ने के लिए किया। उन्होंने स्टरबन को "कंट्री म्यूजिक में एक मजबूत आधार और अहम हस्ती बताया। यंग ने कहा, "उन्होंने इस सुपरग्रुप को 17 'नंबर 1' हिट दिलाने, दुनिया भर में बड़ी संख्या में प्रशंसक बनाने और 'कंट्री म्यूजिक हॉल ऑफ फेम' में एक सम्मानजनक जगह दिलाने में मदद की।"

80 के दशक और उसके बाद के दौर में बैंड के सुनहरे समय में 1981 का गाना "एल्विला" (Elvira), 1982 का हिट गाना बॉबी सू और 1983 का अमेरिकन मेड शामिल हैं। एल्विला इस ग्रुप के लिए एक बहुत बड़ा मोड़ साबित हुआ, यह कंट्री चार्ट पर नंबर 1 और बिलबोर्ड के सभी शैलियों वाले हॉट 100 चार्ट पर नंबर 5 तक पहुंच गया।

स्टरबन के परिवार में उनकी पत्नी डोना, बेटियां लॉरेन और टोरी, बेटे रिच, डग और क्रिस, तथा 11 पोते-पोतियां और परपोते-परपोतियां हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News