अधर्म के सामने धर्म का नाम...महाकाव्य श्री रामायण कथा का भव्य ट्रेलर हुआ रिलीज, Anjali Arora बनीं मां सीता
punjabkesari.in Thursday, Sep 17, 2026 - 04:45 PM (IST)
Shri Ramayan Katha : महाकाव्य श्री रामायण कथा के निर्माताओं ने गुरुवार को अपनी आने वाली पौराणिक फिल्म का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर जारी किया। यह फिल्म श्री राम और माता सीता की दिव्य यात्रा की एक झलक दिखाती है। फिल्म में देव शर्मा श्री राम की भूमिका में, अंजलि अरोड़ा माता सीता की भूमिका में और रजनीश दुग्गल रावण की भूमिका में हैं। ट्रेलर में रामायण के कुछ महत्वपूर्ण पल दिखाए गए हैं, जिनमें श्री राम और माता सीता के बीच का बंधन, वनवास के दौरान उनकी यात्रा, सीता हरण, हनुमान जी की भक्ति और धर्म व अधर्म के बीच अंतिम युद्ध शामिल है।
ट्रेलर फिल्म के मुख्य संदेश को इस लाइन के जरिए उजागर करता है- अधर्म के सामने धर्म का नाम, श्री राम, जिसमें धर्म और मर्यादा कहानी के मुख्य विषय हैं।
निर्देशक अभिषेक सिंह ने कहा, "हर फिल्म निर्माता का रामायण को देखने का अपना अलग नज़रिया होता है। हमारे लिए पहला सवाल यह था कि हम दर्शकों के मन में कौन सी भावना जगाना चाहते हैं। हम बार-बार 'कथा भाव' पर लौटते रहे। श्री राम और माता सीता के बीच का प्रेम, हनुमान जी की भक्ति, लक्ष्मण का कर्तव्य और वह मर्यादा जिसके साथ श्री राम हर परिस्थिति का सामना करते हैं। हमारी कहानी कहने के अंदाज में वही भाव केंद्र में रहना चाहिए था।
श्री राम की भूमिका निभाने वाले देव शर्मा ने कहा, "मेरे लिए, श्री राम की ताकत सिर्फ इस बात में नहीं है कि वे क्या कर सकते हैं, बल्कि उस संयम, करुणा, कर्तव्य और मर्यादा में है जिसके साथ वे हर फैसला लेते हैं। यही मेरे लिए शुरुआती बिंदु बना। जब आप किसी ऐसे व्यक्ति का किरदार निभाते हैं जो लोगों के लिए सिर्फ एक पात्र नहीं, बल्कि पूजनीय है, तो जिम्मेदारी अलग होती है। यहां तक कि जय श्री राम कहने से भी आपके आस-पास एक ऐसा माहौल बन जाता है जो आपको सही रास्ते पर चलने की याद दिलाता है।अपने किरदार के बारे में बात करते हुए अंजलि ने कहा, "माता सीता के बारे में जो बात मेरे दिल के सबसे करीब रही, वह थी उनका अटूट संकल्प। उनमें बहुत ग्रेस और कोमलता है लेकिन उस कोमलता के पीछे एक असाधारण आंतरिक शक्ति छिपी है। सबसे मुश्किल हालात और जुदाई के समय में भी, उन्होंने कभी अपनी गरिमा, अपने विश्वास या अपने मूल्यों का साथ नहीं छोड़ा। मेरे लिए, उनका किरदार निभाते समय सबसे ज़रूरी बात यह थी कि मैं पूरी संवेदनशीलता के साथ उस आंतरिक शक्ति और गरिमा को अपनी परफॉर्मेंस में उतारूं।
रावण का किरदार निभाने वाले रजनीश दुग्गल ने कहा, "रावण के पास अपार ज्ञान, शक्ति और कद-काठी थी लेकिन आखिरकार उसका अहंकार उसकी बुद्धिमत्ता से बड़ा हो गया। रावण के दस सिर थे, लेकिन मैं वाले सिर ने ही उसे बर्बाद कर दिया। हम सभी के अंदर एक रावण होता है। हमें बस यह पक्का करना है कि हम उसे बढ़ावा न दें। मेरे लिए, यही बात धर्म और अधर्म के बीच के संघर्ष को आज भी इतना प्रासंगिक बनाती है।
फिल्म के संगीत में कई जाने-माने गायक शामिल हैं, जिनमें कैलाश खेर, जावेद अली, फरहाद भिवंडीवाला, अनुराग शर्मा और सुनील सोनी शामिल हैं, जिन्होंने हिंदी और छत्तीसगढ़ी गानों में अपनी आवाज दी है। शान भी एक आने वाले गाने में सुनाई देंगे। रिलीज से पहले, मेकर्स ने टीजर और तीन गाने- सिया राम, राम जी की सेना और हे हनुमान पहले ही शेयर कर दिए हैं। फिल्म के और भी गाने जल्द ही रिलीज होने की उम्मीद है।
फिल्म में लक्ष्मण के रूप में शील वर्मा और हनुमान के रूप में निर्भय वाधवा भी हैं। महाकाव्य श्री रामायण कथा का निर्देशन अभिषेक सिंह ने किया है, इसे प्रकाश महोबिया और संजय बुंदेला ने प्रोड्यूस किया है, हनी कुलदीप अग्रवाल और मोनिका सेन ने को-प्रोड्यूस किया है और AJ फिल्म एंटरटेनमेंट वर्ल्ड के अजय कनौजिया ने इसे पेश किया है। यह फिल्म 25 सितंबर 2026 को पूरे भारत के सिनेमाघरों में हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषाओं में एक साथ रिलीज़ होने वाली है।
