‘किंग’ में शाहरुख खान के साथ दिखेगा ‘डैडी कूल’ का पूरा म्यूजिक वीडियो, सिद्धार्थ आनंद ने फैंस को दिया सरप्राइज
punjabkesari.in Sunday, Nov 29, 2026 - 12:05 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ को लेकर दर्शकों के बीच लगातार उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म से जुड़े नए अपडेट भी फैंस का ध्यान खींच रहे हैं। अब निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने फिल्म के म्यूजिकल ट्रैक ‘डैडी कूल’ (किंग वर्जन) को लेकर अहम जानकारी दी है। गाने की पहली झलक को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। इसी बीच निर्देशक ने बताया है कि इसका पूरा वर्जन दर्शकों को फिल्म के साथ बड़े पर्दे पर ही देखने को मिलेगा।
So happy with all the love Daddy Cool is getting! Watch the full song only on the BIG SCREEN in the film! 🙌
— Siddharth Anand (@justSidAnand) November 28, 2026
सिद्धार्थ आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गाने को मिल रहे प्यार पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “यह देखकर बेहद खुशी हो रही है कि ‘डैडी कूल’ को इतना प्यार मिल रहा है! फिल्म में पूरा गाना देखने के लिए आपको बड़े पर्दे पर ही आना होगा।” उनके इस संदेश से साफ हो गया है कि मेकर्स फिलहाल पूरे गाने को सिनेमाघरों में फिल्म के साथ पेश करने की तैयारी में हैं।
गाने की पहली झलक सामने आने के बाद से ही फैंस इसके पूरे वर्जन का इंतजार कर रहे हैं। सिद्धार्थ आनंद के पोस्ट ने इस उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। अब दर्शकों की नजरें फिल्म की रिलीज पर टिकी हैं, ताकि वे ‘डैडी कूल’ का पूरा गाना बड़े पर्दे पर देख सकें। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी ‘किंग’ में शाहरुख खान मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स ने किया है। यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
