''संकल्प'' में गुरु-शिष्यों के बीच गहरे विश्वास और समर्पण को दिखाया: प्रकाश झा
punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 11:51 AM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। प्रकाश झा के निर्देशन में बनी वेब सीरीज संकल्प से नाना पाटेकर ने OTT पर दमदार डेब्यू किया है। वेब सीरीज संकल्प 11 मार्च 2026 को Amazon MX Player पर रिलीज़ हो चुकी है। यह सीरीज प्राचीन भारत के दार्शनिक और रणनीतिकार चाणक्य की नीतियों से प्रेरित है और एक शिक्षक, मेंटर और उनके महत्वाकांक्षी शागिर्द के इर्द-गिर्द घूमती है। कहानी सत्ता, ताकत, वफादारी और चालाक नीतियों के टकराव को नए जमाने में दिखाती है। सीरीज के बारे में कुब्रा सैत, क्रांति, संजय कपूर और निर्देशक प्रकाश झा ने पंजाब केसरी, नवोदय टाइम्स, जगबाणी और हिंद समाचार से खास बातचीत की। पेश हैं मुख्य अंश...
प्रकाश झा
सवाल: सबसे पहले आप बताइए कि संकल्प में आपका संकल्प क्या है?
मेरा संकल्प पूरा हो चुका है। यह कहानी एक गुरु और उनके शिष्यों के इर्द-गिर्द घूमती है। यह कहानी समर्पण और उस समर्पण में आने वाली बाध्यताओं के बारे में है।
सवाल: आपकी जो कहानियां होती हैं, वे अक्सर सोशल रियलिटी पर आधारित होती हैं। यह भी उसी पर आधारित है?
हां, पृष्ठभूमि वही है। लेकिन इसमें जो फैन्सी एलिमेंट्स जोड़े गए हैं, वे शिष्यों और गुरु के बीच की समर्पण की आवश्यकता को दिखाते हैं। यह कहानी अलग सोच और एक नए बवंडर के बारे में है। जो पिछली इस तरह की कहानियों से अलग है।
सवाल: नाना पाटेकर को इस प्रोजेक्ट में लेने का विचार कब आया?
जब कहानी मुझे पेश की गई थी, तब ऐसा लगा कि एक ऐसे पात्र की जरूरत है जो कहानी के केंद्र में हो। मेरी बेटी दिशा झा, जो प्रोड्यूसर हैं, ने मुझे कहानी पढ़ने के लिए दी और वहीं से यह निर्णय हुआ।
संजय कपूर
सवाल: OTT प्लेटफॉर्म ने आपके करियर में क्या बदलाव लाए हैं?
OTT सिर्फ मेरे लिए नहीं, बल्कि हर लेखक, अभिनेता और निर्देशक के लिए एक टर्निंग पॉइंट है। यहां क्रिएटिविटी को सही प्लेटफॉर्म मिलता है। दर्शक अगर कंटेंट पसंद नहीं करते तो चैनल बदल सकते हैं। इसलिए अच्छे काम को सम्मान मिलता है।
सवाल: आपने ‘Made in Heaven’ और ‘The Fame Game’ जैसी शो के बाद संकल्प करने का फैसला क्यों किया?
पिछले कई सालों से मैं अच्छे डायरेक्टर्स के साथ काम करने का इंतजार कर रहा था। प्रकाश झा सर के साथ काम करना मेरे लिए हमेशा से बकेट लिस्ट में था। उनकी कहानी और निर्देशन दोनों ने मुझे आकर्षित किया। तो मैंने सकंल्प करने का निर्णय लिया।
क्रांति
सवाल: संकल्प में आपका किरदार किस तरह का है?
मैं अपने किरदार की पूरी जानकारी साझा नहीं कर सकता, लेकिन यह बहुत अलग है। इसमें गुरु और शिष्य का रिश्ता, शक्ति और निर्णय लेने की प्रक्रिया के बीच संतुलन दिखता है।
सवाल: रक्तांचल, बिंदिया के बाहुबली आपके MX प्लेयर पर लगातार काम कर रहे हैं कोई खास वजह?
मुझे लगता है कि शायद उन्हें मेरा काम या इंसानियत पसंद आई होगी। इसीलिए शायद मुझे वहां इतनी सारी चीज़ें करने को मिल रही हैं। मैं उनके प्रति बहुत आभारी हूं। सही वजह तो शायद केवल वही बता सकते हैं कि “Why me?”
कुब्रा सैत
सवाल: आपने अब तक इतने अलग-अलग और इंटेंस कैरेक्टर्स निभाए हैं। इसके अंदर आपका कैरेक्टर इतना रिलैक्स कैसे दिखता है?
मुझे लगता है कि ये रिलैक्सेशन पॉवर में होने की डायकोटोमी (द्वंद्व) है। जब आप पावर में होते हैं, तो बहुत सारे फैसले लेने पड़ते हैं। मगर आप सही तरीके से निर्णय तभी ले पाएंगे जब आपके अंदर ग्राउंडिंग और सॉफ्टनेस का सेंस हो। मेरे लिए ये एक हमेशा एक्साइटिंग अनुभव है। मैंने अपने क्राफ्ट और स्टोरी के जरिए इस कैरेक्टर के सारे फैक्टस एक्सप्लोर किए। इसमें सॉफ्टनेस, पॉवर, vulnerability और एक्साइटमेंट सब कुछ शामिल है। बस इसके लिए ज्यादा सवाल मत पूछो, इसे लो और आगे बढ़ो।
सवाल: सीरीज के दौरान कोई खास पल जो यादगार रहा?
कई ऐसे दृश्य हैं जो हमारी यादों में हमेशा रहेंगे। क्रांति और मेरे कई सीन दर्शकों को भी पसंद आएंगे। कोई एक नहीं है पूरे शूट के दौरान हमने काफी यादगार पल बिताए। सब एक दूसरे को परिवार की तरह ट्रीट करते थे।
सवाल: महिला दर्शकों और एक्टर्स के लिए इस सीरीज का क्या महत्व है?
अब महिला पात्रों को ऐसे अवसर मिल रहे हैं, जो पहले नहीं मिलते थे। यह दर्शाता है कि महिलाओं का किरदार कहानी में उतना ही महत्वपूर्ण है जितना पुरुषों का।
