''अनुपमा'' फेम Rupali Ganguly ने किये महाकाल के दर्शन, बोलीं- जो भी हूं बाबा महाकाल की वजह से हूं
punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2026 - 01:06 PM (IST)
Rupali Ganguly in Ujjain : टीवी जगत की लोकप्रिय अभिनेत्री और 'अनुपमा' फेम रूपाली गांगुली गुरुवार सुबह उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने बाबा महाकाल की विश्व प्रसिद्ध भस्म आरती में श्रद्धापूर्वक हिस्सा लिया। करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर उन्होंने पूरे विधि-विधान से आरती के दर्शन किए। इस दौरान रूपाली सिर पर दुपट्टा ओढ़े भक्ति में लीन नजर आईं। भस्म आरती के बाद उन्होंने भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
जो भी हूं, बाबा की कृपा से हूं
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में रूपाली गांगुली ने कहा, "मैं आज जो भी हूं, बाबा महाकाल की कृपा से हूं। जब भी मेरा मन विचलित होता है, मैं महाकाल के दरबार चली आती हूं। भस्म आरती का अनुभव शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।"
रूपाली ने बताया कि वह पहली बार वर्ष 2020 में महाकाल के दर्शन करने आई थीं। तभी से वह हर दो महीने में बाबा महाकाल के दर्शन करने का प्रयास करती हैं। इससे पहले भी वह जनवरी 2024, जनवरी 2025 और करीब चार महीने पहले उज्जैन आ चुकी हैं। उनकी इस यात्रा ने एक बार फिर महाकाल के प्रति उनकी गहरी आस्था और श्रद्धा को दर्शाया। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी अभिनेत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।

सीरियल अनुपमा से मिली घर-घर में पहचान
आपको बता दें कि एक्ट्रेस रूपाली गांगुली का जन्म कोलकाता में हुआ था और वह लंबे समय से मनोरंजन जगत का एक चर्चित चेहरा रही हैं। उन्हें अभिनय की विरासत अपने पिता अनिल गांगुली से मिली, जो हिंदी सिनेमा के मशहूर फिल्म निर्देशक थे। रूपाली ने कई टीवी शोज में काम किया लेकिन अनुपमा सीरियल उनके लिए सबसे लकी साबित हुआ। अनुपमा सीरियल से उन्हें घर-घर में पहचान मिली और आज वो टीवी इंडस्ट्री की सबसे हिट एक्ट्रेस में से एक हैं।
2024 में राजनीति के क्षेत्र में रखा कदम
सीरियल और इंडस्ट्री में अच्छी-खासी पहचान बनाने के बाद रूपाली गांगुली ने 2024 में राजनीतिक क्षेत्र में अपना कदम रखा और बीजेपी को ज्वाइन कर लिया।
विशाल ठाकुर
