Swara Bhasker से लेकर Shehzad Poonawalla तक, Rise & Fall 2 में नजर आएंगे ये कंटेस्टेंट्स, शुरू होगी नई रणनीति
punjabkesari.in Thursday, Sep 17, 2026 - 06:38 PM (IST)
Rise and Fall 2 : गुरुवार को रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' के दूसरे सीजन का नया प्रोमो जारी किया गया, जिसमें शो में हिस्सा लेने वाले कुछ कंटेस्टेंट्स के बारे में बताया गया। इस प्रोमो में एक्टर करण पटेल, प्रियंका चाहर चौधरी और स्वरा भास्कर के साथ-साथ राजनेता शहजाद पूनावाला भी नजर आ रहे हैं।
26 सितंबर से शुरू होने वाले और 42 दिनों तक चलने वाले इस नए सीज़न को पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग होस्ट करेंगे। शो को लेकर उत्साहित प्रियंका चाहर चौधरी, जो पहले 'बिग बॉस 16' में हिस्सा ले चुकी हैं, ने कहा, "मैंने रियलिटी टेलीविजन को अलग-अलग रूपों में अनुभव किया है, लेकिन 'राइज एंड फॉल' सीजन 2 इस गेम में एक बिल्कुल नया आयाम लाता है। एक शासक से कर्मचारी बनने और आपके द्वारा लिए गए फैसलों से आपकी स्थिति तय होने का विचार, इस अनुभव को मेरे लिए खास तौर पर रोमांचक बनाता है। रियलिटी शो ने मुझे अपनी अंतरात्मा पर भरोसा करना, खुद के प्रति ईमानदार रहना और हर पल को वैसे ही जीना सिखाया है, लेकिन इस बार, पावर डायनामिक्स (शक्ति का खेल) एक बिल्कुल अलग पहलू जोड़ते हैं। मैं गेम में कदम रखने, जो भी स्थिति मिले उसे संभालने और यह देखने के लिए तैयार हूँ कि मैं कितनी ऊपर तक जा सकती हूं।
स्वरा भास्कर ने कहा, "मैं हमेशा से ऐसी रही हूं जो अपनी राय खुलकर रखती है, इसलिए 'राइज एंड फ़ॉल' सीजन 2 जैसे गेम में शामिल होना एक दिलचस्प अनुभव होगा। यह शो बहुत अलग-अलग नज़रिए वाले लोगों को एक साथ लाता है और जब शक्ति और रणनीति का खेल शुरू होता है, तो मुझे यकीन है कि ये अंतर कुछ दिलचस्प डायनामिक्स बनाएंगे। मैं यह देखने के लिए उत्साहित हूं कि आगे क्या होता है।
करण पटेल ने भी उत्साह ज़ाहिर करते हुए कहा, "लोगों ने इतने सालों में मुझे टेलीविजन पर अलग-अलग किरदार निभाते और कहानियां सुनाते देखा है, लेकिन राइज एंड फ़ॉल सीजन 2 मुझे एक बिल्कुल अलग क्षेत्र में खुद के तौर पर उतरने का मौका देता है। मुझे जो बात उत्साहित करती है, वह है इसका कॉम्पिटिटिव पहलू - चाल चलना, अपने फैसले पर अडिग रहना और खेल के बदलने पर भी खुद को आगे बढ़ाते रहना। मैं इस चुनौती को स्वीकार करने और इस खेल में अपना सब कुछ झोंक देने के लिए तैयार हूं।
शहजाद पूनावाला ने कहा, "मेरी जिंदगी और सफर उतार-चढ़ाव (राइज एंड फॉल) से भरा रहा है। सच कहूं तो यह शो मेरे सफर को ही दिखाता है और जैसे ही एक अध्याय खत्म होता है- जिंदगी में एक नया अध्याय शुरू होता है, जिसमें अपनी चुनौतियां और अवसर होते हैं। 'राइज एंड फॉल सीजन 2' मेरे लिए एक बहुत ही दिलचस्प पारी जैसा है। मुझे हमेशा ऐसी जगहें पसंद रही हैं जहां मजबूत राय रखने की गुंजाइश हो और यह खेल ऐसे लोगों को एक साथ लाता है जिनकी सोच और नज़रिए बहुत अलग-अलग हैं लेकिन उन्हें अब तक पता चल गया होगा कि जो लोग भारत और उसके इतिहास को कमतर दिखाने की कोशिश करते हैं, उनके लिए मेरे मन में ज़रा भी बर्दाश्त करने की भावना नहीं है। यह देखना दिलचस्प होगा कि कैसे बिल्कुल अजनबी लोग ऐसी स्थिति में आते हैं जहाँ उन्हें कभी तो साथ देना पड़ता है और कभी एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा होना पड़ता है। हल्की-फुल्की बात कहूं तो मुझे खुशी है कि मुझे अगले 6 हफ़्तों तक किराया नहीं देना पड़ेगा। यह शो 26 सितंबर से हर दिन दोपहर 12 बजे सिर्फ प्राइम वीडियो और MX प्लेयर एंड्रॉइड ऐप पर स्ट्रीम होगा।
