रणवीर सिंह की ‘प्रलय’ का हुआ आगाज, दुनिया के अंत के बीच दिखेगी इंसानियत की जंग

punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2026 - 02:58 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित सर्वाइवल फिल्म ‘प्रलय’ की शूटिंग आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है। अनन्या बिरला के बिरला स्टूडियोज, ट्रू स्टोरी फिल्म्स और मां कसम फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म का निर्देशन जय मेहता कर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग मुंबई से शुरू हुई है और इसे भारतीय सिनेमा की बड़े पैमाने पर बनाई जा रही फिल्मों में से एक बताया जा रहा है।

दुनिया खत्म होने के खतरे के बीच होगी इंसानियत की लड़ाई
रणवीर सिंह स्टारर ‘प्रलय’ एक एंड-ऑफ-द-वर्ल्ड एक्शन थ्रिलर है, जिसमें ऐसी दुनिया की कहानी दिखाई जाएगी जहां इंसानियत के अस्तित्व पर ही संकट मंडरा रहा है। फिल्म में सर्वाइवल, हिम्मत और अपनों के लिए लड़ने की कहानी को बड़े सिनेमाई स्तर पर पेश किया जाएगा। मेकर्स का दावा है कि फिल्म में बड़े और शानदार विजुअल्स के साथ मानवीय भावनाओं पर भी खास फोकस रहेगा।

रणवीर सिंह निभाएंगे लीड रोल
‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर–द रिवेंज’ के बाद ‘प्रलय’ रणवीर सिंह की अगली बड़ी फिल्म है। फिल्म में रणवीर मुख्य भूमिका निभाने के साथ इसके निर्माता भी हैं। किरदार के लिए उन्हें शारीरिक मेहनत के साथ-साथ भावनात्मक स्तर पर भी काफी तैयारी करनी होगी। फिल्म में ‘लोका’ फेम कल्याणी प्रियदर्शन भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। इसके अलावा नई पीढ़ी के कई प्रतिभाशाली कलाकार फिल्म का हिस्सा हैं।

जय मेहता कर रहे हैं निर्देशन
फिल्म का निर्देशन जय मेहता कर रहे हैं, जिन्होंने हंसल मेहता के साथ ‘स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी’ और ‘लुटेरे’ जैसे प्रोजेक्ट्स में काम किया है। ‘प्रलय’ के लिए भारत और दुनिया के बेहतरीन क्रिएटिव और टेक्निकल टैलेंट को साथ लाया गया है। कई महीनों की तकनीकी तैयारी और गहन प्री-प्रोडक्शन के बाद फिल्म की शूटिंग शुरू हुई है।

मुंबई की असली लोकेशन्स पर होगी शूटिंग
‘प्रलय’ की कहानी मुंबई और उसके आसपास के इलाकों की पृष्ठभूमि में सेट है। फिल्म की शूटिंग मुंबई और आसपास की वास्तविक लोकेशन्स पर की जा रही है, ताकि कहानी को ज्यादा वास्तविक और प्रभावशाली बनाया जा सके। बड़े पैमाने पर तैयार की जा रही यह फिल्म उस समय की कहानी दिखाएगी जब दुनिया धीरे-धीरे खत्म होने की ओर बढ़ रही होगी और इंसानों के सामने अपने अस्तित्व को बचाने की सबसे बड़ी चुनौती होगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Manisha