''रामायण 2'' करेगी पहले पार्ट से 10 गुना ज्यादा कमाई, फिल्म निर्माता Ram Gopal Varma की भविष्यवाणी ने मचाई हलचल

punjabkesari.in Monday, Nov 16, 2026 - 01:02 PM (IST)

Ram Gopal Varma on Ramayana  Part 2 : फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा ने 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' के लिए प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ​​की महत्वाकांक्षी वित्तीय रणनीति का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म अपने पहले भाग से ही दोनों भागों की कुल प्रोडक्शन लागत वसूल कर सकती है। RGV ने आगे भविष्यवाणी की कि रणबीर कपूर अभिनीत इस फिल्म का दूसरा भाग, पहले भाग की तुलना में 10 गुना तक ज्यादा कमाई कर सकता है।

'X' (ट्विटर) पर एक लंबी पोस्ट में, फिल्म निर्माता ने फिल्म के बताए गए बजट का बचाव किया और बॉक्स ऑफिस पर इसके प्रदर्शन को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब दिया। फिल्म की लोकप्रियता का एक निजी उदाहरण देते हुए, RGV ने बताया कि उनकी मां ने अपने रिहायशी परिसर में काम करने वाले लोगों के लिए भी टिकट खरीदे हैं।

उन्होंने लिखा, "मेरी बेहतरीन फिल्मों के लिए भी उन्होंने ऐसा कभी नहीं किया, लेकिन मेरी मां @malhotra_namit की #रामायण के टिकट खरीद रही हैं—अपनी बिल्डिंग कॉम्प्लेक्स में काम करने वाले नौकरों, गार्ड्स आदि के लिए। इस जबरदस्त उत्साह के बावजूद, जो फिल्म को बॉक्स ऑफिस के सभी रिकॉर्ड तोड़ने और भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी हिट बनाने की ओर ले जा रहा है, कुछ ईर्ष्यालु लोग अभी भी शोर मचा रहे हैं कि कमाई काफी नहीं है, क्योंकि फिल्म का बजट 2000 करोड़ प्रति भाग (कुल 4000 करोड़) है। फिल्म के बजट के बारे में बात करते हुए, RGV ने कहा कि पहले भाग की वास्तविक लागत कथित तौर पर 800 करोड़ रुपये से कम थी। उन्होंने यह भी बताया कि फाइनेंशियल डील, टैक्स बेनिफिट और सब्सिडी की मदद से फाइनल कॉस्ट को और कम किया जा सकता है।

उन्होंने आगे कहा, "मुझे पता चला है कि पार्ट 1 की असल लागत 800 से थोड़ी कम है। इसमें आपसी फायदे वाली डील, ग्लोबल टैक्स बेनिफिट और सब्सिडी जैसी चीजें शामिल हैं, जो आखिरकार लागत को और भी कम कर देंगी। सिर्फ मैं ही नहीं, बल्कि कोई भी अनुभवी फिल्ममेकर फिल्म देखकर समझ सकता है कि इसकी लागत इससे ज्यादा नहीं हो सकती।

 फिल्ममेकर ने इस धारणा पर भी सवाल उठाया कि दोनों हिस्सों की प्रोडक्शन कॉस्ट एक जैसी होगी। उनके अनुसार, दूसरे पार्ट का बजट अलग हो सकता है, क्योंकि पहली फिल्म के लिए बनाई गई कई चीजों का इस्तेमाल सीक्वल में भी किया जाएगा। अपनी बात समझाते हुए, RGV ने कहा, "कई लोग इतनी बेवकूफी करते हैं कि उन्हें लगता है कि दोनों हिस्सों की लागत एक जैसी होगी... यह बिल्कुल वैसा ही है जैसे कोई सोचे कि किसी फिल्म में इंटरवल से पहले और बाद का खर्च एक जैसा होगा। मुझे ऐसी फिल्में पता हैं, जिनमें 50% खर्च सिर्फ क्लाइमैक्स पर हुआ था।" उन्होंने आगे कहा, "इसके अलावा, रामायण की दुनिया बनाने में जो खर्च आएगा, वह भविष्य के लिए एक एसेट (संपत्ति) बन जाएगा। इसका इस्तेमाल गेमिंग और अन्य चीजों में हो सकेगा, साथ ही यह 'पार्ट 2' के लिए भी काम आएगा। ये सब नमित के दूरदर्शी भविष्य के प्रोजेक्ट्स का हिस्सा हैं। सच कहूं तो, बॉलीवुड के ज्यादातर फिल्म मेकर्स, ट्रेडर्स और खुद को एक्सपर्ट मानने वाले लोग शायद इस बात को समझ भी न पाएं।" RGV ने यह भी अनुमान लगाया कि पहला हिस्सा ही अपनी पूरी प्रोडक्शन कॉस्ट वसूल कर सकता है, जबकि दूसरा हिस्सा और भी ज्यादा कमाई कर सकता है। फिल्म के संभावित प्रदर्शन की तुलना 'KGF' फ्रेंचाइजी से करते हुए, उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सीक्वल अपने पहले हिस्से के मुकाबले कहीं ज्यादा कमाई करेगा।

"जिस तरह से अभी काम चल रहा है, उसे देखकर साफ है कि नमित मल्होत्रा ​​'पार्ट 1' से ही अपनी पूरी लागत वसूल कर लेंगे। इसके अलावा 'पार्ट 1' की नॉन-थियेट्रिकल कमाई और 'पार्ट 2' से होने वाली पूरी कमाई तो अलग है ही। दूसरे शब्दों में कहें तो, नमित मल्होत्रा ​​अपना खुद का 'पुष्पक विमान' बना सकते हैं और अनगिनत शानदार प्रोजेक्ट्स में पैसा लगा सकते हैं—ऐसा कुछ जो उत्तर से लेकर दक्षिण तक की बड़ी-बड़ी प्रोडक्शन कंपनियां अब तक नहीं कर पाई हैं। वे हॉलीवुड के सबसे बड़े दिग्गजों को भी पीछे छोड़ सकते हैं।" उन्होंने दूसरे हिस्से में आने वाले एक्शन सीन्स के बारे में भी बात की, जिनमें हनुमान जी के दृश्य, वानर सेना, राम सेतु, लंका दहन और भगवान राम व रावण के बीच का युद्ध शामिल हैं। RGV का मानना ​​है कि ये सीन्स सीक्वल को थियेटर में और भी बड़ी सफलता दिला सकते हैं। "अगर KGF 2 ने KGF 1 के मुकाबले लगभग 5 गुना ज्यादा कमाई की थी, तो मुझे पूरा यकीन है कि 'रामायण 2', 'रामायण पार्ट 1' से 10 गुना ज्यादा कमाई करेगी। अगर आप इससे सहमत नहीं हैं, तो हम बाद में बात करेंगे।" 'रामायण' का निर्माण नमित मल्होत्रा ​​के 'प्राइम फोकस स्टूडियोज' ने DNEG और यश के 'मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स' के साथ मिलकर किया है। इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी सीता के रूप में, यश रावण के रूप में और रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में नजर आएंगे। सनी देओल भगवान हनुमान का किरदार निभाएंगे, जिन्हें पहले भाग के पोस्ट-क्रेडिट सीन में दिखाया गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News