हम आम महिलाओं को सुपरस्टार की तरह ट्रीट करते हैं- राजीव खंडेलवाल

punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 12:28 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। 28 अप्रैल से तुम हो ना: घर की सुपरस्टार सोनी टीवी पर प्रसारित हो चुका है जो एक खास वुमन-सेंट्रिक शो है। इस शो में महिलाएं न सिर्फ मजेदार गेम्स खेलेंगी, बल्कि अपने जीवन, अनुभवों और संघर्षों को सेलिब्रेट भी करेंगी। शो का मकसद आम महिलाओं को एक खास मंच देना है, जहां उन्हें सम्मान और पहचान मिल सके। इसे मशहूर अभिनेता और होस्ट राजीव खंडेलवाल होस्ट कर रहे हैं जो पहले भी कई बेहतरीन प्रोजेक्ट्स में अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज करा चुके हैं। इस शो के बारे में राजीव खंडेलवाल ने पंजाब केसरी, नवोदय टाइम्स, जगबाणी और हिंद समाचार से खास बातचीत की। पेश हैं मुख्य अंश...

सवाल: इस शो के बारे में थोड़ा बताइए और इसका विज़न क्या है?

राजीव: धन्यवाद। इस शो का विज़न बिल्कुल स्पष्ट है। यह एक लेडीज़ स्पेशल शो है जहां हम उन महिलाओं को मान्यता देते हैं जिनका उत्सव हर रोज़ मनाना चाहिए। हमारी समाज में अक्सर वो महिलाएं जिनके पास कोई बड़ी उपलब्धि नहीं होती जिन्हें हम आमतौर पर स्टार्स की तरह नहीं देखते उन्हें ज्यादा मान्यता नहीं मिलती। लेकिन उनका काम भी बहुत महत्वपूर्ण है। इस शो में हम उन महिलाओं को सेलिब्रेट करते हैं, उनके साथ गेम्स खेलते हैं, बातचीत करते हैं और उन्हें आनंद का अनुभव देते हैं। शो का नाम ही यही बताता है "तुम हो ना, घर की सुपरस्टार।" ये महिलाओं की दुनिया को मान्यता देने और उनके योगदान को सम्मानित करने का एक मंच है।

सवाल: आपने कई फिल्मों और शो में काम किया है। आपको एक्टिंग और होस्टिंग में से कौन ज्यादा रोचक लगता है और क्यों?

राजीव: दोनों ही अलग दुनिया हैं इसलिए मैं किसी एक को बेहतर नहीं कह सकता। लेकिन होस्टिंग खासकर "तुम हो ना" जैसे शो में ज्यादा चुनौतीपूर्ण है। यहां कोई स्क्रिप्ट नहीं है आप पूरी तरह से लाइव वातावरण में होते हैं। हर एपिसोड में कुछ नया होता है आपको हमेशा पल में जीवंत रहना होता है। आप सिर्फ खुद को एन्जॉय नहीं करते, बल्कि कोशिश करते हैं कि सामने वाले को भी आरामदायक महसूस कराएं। उन्हें खुलकर अपने अनुभव साझा करने दें। 

सवाल:   इस शो का अनुभव आपके लिए कैसा रहा?

राजीव: हर पल बेहद खास है। जब मैं स्टेज पर जाता हूं और उनके चेहरे पर मुस्कान देखता हूं तो एक अनजाने में सम्मान का अहसास होता है। कभी-कभी मैं नर्वस भी महसूस करता हूं कि क्या मैं माहौल बना पाऊंगा। लेकिन जैसे ही हम बातचीत शुरू करते हैं, मैं पूरी तरह खो जाता हूं। शो में गेम्स भी बहुत यूनिक हैं। हम “बेसिक गेम्स” खेलते हैं और अंत में एक “सिंहासन रानी” चुनते हैं। यह पूरी प्रक्रिया महिलाओं को बहुत खास महसूस कराती है। हर एपिसोड में उनका उत्सव और खुशियों का अनुभव बहुत अलग होता है।

सवाल: इस शो के जरिए लोगों की सोच में कितना बदलाव आएगा?

राजीव: शो का मकसद सीधे तौर पर समाज में बदलाव लाना नहीं है। यह मनोरंजन और सेलिब्रेशन पर आधारित है। लेकिन किसी महिला के चेहरे पर मुस्कान, उनकी कहानी को सुनना और उन्हें सम्मानित करना अपने आप में बदलाव ला सकता है। आजकल टीवी पर नकारात्मक कंटेंट ज्यादा है लोग लड़ रहे हैं स्कीम्स बन रहे हैं। हम सिर्फ पोजिटिव सेलिब्रेशन दिखाते हैं। आम इंसान की कहानी, उनका योगदान और उनकी खुशियां ये सब देखने को मिलती हैं। यह छोटे बदलाव की शुरुआत है मुस्कान के जरिए।

सवाल: आप कोई भी प्रोजेक्ट चुनने से पहले क्या देखते हैं?

राजीव: मैं देखता हूं कि क्या यह प्रोजेक्ट मेरे दिल और दिमाग दोनों को छू रहा है। क्या यह मुझे बेचैन कर रहा है, या मेरे अंदर उत्साह पैदा कर रहा है। यदि हां तो मैं हां कह देता हूं । नहीं तो, चाहे स्थितियां कितनी भी अच्छी हों रिलीज डेट, प्रोडक्शन हाउस या प्रमोशन अगर दिल में उत्सुक्ता नहीं है, तो मैं प्रोजेक्ट नहीं करता। उदाहरण के लिए "तुम हो ना" का कॉन्सेप्ट मैंने सिर्फ आधे घंटे में समझ लिया और तुरंत हां कर दिया। मुझे पता था कि यह महिलाओं को सेलिब्रेट करने और उनके योगदान को सम्मानित करने का सही मंच है।

सवाल: शो में हमें सिर्फ गेम्स देखने को मिलेंगे या अनसुनी कहानियां भी सुनने को मिलेंगी?

राजीव: दोनों ही मिलेगा। गेम्स केवल एक हिस्सा हैं। हम बातचीत और व्यक्तिगत कहानियों पर भी ध्यान देते हैं। कभी-कभी एक साधारण प्रश्न से महिला की जीवन कहानी सामने आ जाती है। उनके अनुभव, संघर्ष और खुशियां ये सब साझा होते हैं। इस तरह, शो मनोरंजन और प्रेरणा दोनों प्रदान करता है।

सवाल: आप अपने दर्शकों और प्रतियोगियों के लिए क्या संदेश देना चाहेंगे?

राजीव: मेरा संदेश यही है कि शो देखें और अपनी दुनिया में खुशी पाएं। सोमवार से शनिवार  रात 9 बजे सोनी टीवी पर आएं। दूसरा, जो महिलाएं चाहती हैं कि अपनी जिंदगी में कुछ नया करें, रोज़मर्रा की मोनोटोनी तोड़ें, उनके लिए यह एक अवसर है। आप शो में आकर खेल सकती हैं, जीते हुए पुरस्कार और अनुभव अपने साथ ले सकती हैं। यह सिर्फ एक मनोरंजन का प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि सम्मान और सेलिब्रेशन का मौका है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Manisha

Related News