कैसे हुई गजनी के खलनायक Pradeep Rawat की मौत ? निधन की वजह जानकर आप भी हो जाएंगे भावुक
punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 10:47 AM (IST)
Pradeep Rawat : बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता प्रदीप रावत का 4 अगस्त 2026 को 74 की उम्र में निधन हो गया। गजनी में अपने दमदार विलेन के किरदार से पहचान बनाने वाले प्रदीप रावत के जाने की खबर ने पूरे मनोरंजन जगत को गमगीन कर दिया है। उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है और फैंस भी इस खबर से गहरे सदमे में हैं।
प्रदीप रावत के निधन की जानकारी अभिनेता यशपाल शर्मा ने सोशल मीडिया के जरिए शेयर की। इसके बाद बॉलीवुड और साउथ फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन के बाद अब हर कोई यह जानना चाहता है कि आखिर अभिनेता प्रदीप रावत की मौत किस वजह से हुई।

पिछले 5 साल से कैंसर से जूझ रहे थे
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रदीप रावत पिछले लगभग पांच वर्षों से ब्लड कैंसर से जंग लड़ रहे थे। इलाज और नियमित देखभाल के चलते उनकी सेहत में कुछ समय में लिए सुधार भी देखने को मिला था। हालांकि, कुछ महीने पहले कैंसर दोबारा लौट आया, जिसके बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ने लगी।
सेहत ज्यादा खबर होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि उपचार के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उनका निधन हो गया।
को-एक्टर यशपाल शर्मा ने प्रदीप रावत के निधन की जानकारी
प्रदीप रावत के निधन की खबर सबसे पहले अभिनेता यशपाल शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की। लगान में उनके साथ काम कर चुके यशपाल शर्मा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर भावुक पोस्ट लिखते हुए कहा, हमारा गजनी और लगान का देवा अब हमारे बीच नहीं रहा। इस पोस्ट के सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई।

बता दें की प्रदीप रावत ने अपने लंबे करियर में टीवी, हिंदी, तेलगु की कई चर्चित फिल्मों और टीवी शोज में अहम भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने साल 1985 में रिलीज़ हुई फिल्म 'ऐतबार' से अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की थी। हालांकि, उन्हें असली पहचान बी.आर. चोपड़ा के लोकप्रिय टीवी धारावाहिक 'महाभारत' से मिली, जिसके बाद उन्होंने कई यादगार किरदार निभाकर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई।
