ओमलो रिव्यू: घरेलू हिंसा और टूटते रिश्तों की सच्चाई को संवेदनशीलता से बयां करती है यह मार्मिक फिल्म

punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 04:16 PM (IST)

फ़िल्म: 'ओमलो'
कलाकार: शम्भो महाजन, सोनू रणदीप चौधरी, सोनाली शर्मिष्ठा, देवा शर्मा, महेश जिलोवा, वंदना गुप्ता
लेखक-निर्देशक: सोनू रणदीप चौधरी
निर्माता: नेहा पांडे, रोहित मखीजा, मनीष गोपलानी, सोनू रणदीप चौधरी

रेटिंग: 3*

ओमलो: कुछ फिल्में मनोरंजन के लिए बनाई जाती हैं, जबकि कुछ समाज के उन पहलुओं को सामने लाती हैं जिन पर अक्सर खुलकर बात नहीं होती। 'ओमलो' ऐसी ही एक संवेदनशील फिल्म है, जो घरेलू हिंसा, पितृसत्तात्मक सोच, गरीबी और पीढ़ियों तक चलने वाले मानसिक आघात जैसे गंभीर मुद्दों को बिना किसी बनावटीपन के पेश करती है। निर्देशक सोनू रणदीप चौधरी ने कहानी को यथार्थ के बेहद करीब रखते हुए दर्शकों के सामने एक ऐसी दुनिया दिखाई है, जो दर्दनाक होने के साथ-साथ सोचने पर भी मजबूर करती है।

कहानी
फिल्म की कहानी राजस्थान के एक छोटे से गांव में रहने वाली सावित्री और उसके परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। सावित्री रोज़ मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालती है, लेकिन आर्थिक तंगी, घरेलू जिम्मेदारियां और रिश्तों का बोझ उसके जीवन को लगातार कठिन बनाते रहते हैं।

फिल्म की शुरुआत एक बेहद प्रतीकात्मक दृश्य से होती है, जहां एक ऊंट को बंधनों से आज़ाद किया जाता है। हालांकि आज़ादी मिलने के बाद भी उसका असमंजस यह संकेत देता है कि कई बार इंसान भी अपने डर और परिस्थितियों के कारण बंधनों से बाहर निकलने का साहस नहीं जुटा पाता।

घर लौटने पर सावित्री को अपने ससुर की मौत की खबर मिलती है और यहीं से कहानी भावनात्मक रूप से और गहराती चली जाती है। शराब की लत में डूबा पति, घरेलू हिंसा, सामाजिक दबाव और टूटते पारिवारिक रिश्तों के बीच सबसे ज्यादा असर छोटे ओमलो पर पड़ता है। उसकी मासूम आंखों से दिखाई गई यह कहानी बताती है कि हिंसा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों को प्रभावित करती है।

निर्देशन
निर्देशक सोनू रणदीप चौधरी ने फिल्म को पूरी सादगी और ईमानदारी के साथ पेश किया है। उन्होंने कहानी को अनावश्यक ड्रामा या भावनात्मक अतिशयोक्ति से दूर रखा है, जिससे फिल्म और भी वास्तविक महसूस होती है।

राजस्थान की संस्कृति, स्थानीय बोली, गांव का वातावरण और वहां की जीवनशैली को बेहद बारीकी से फिल्म में दिखाया गया है। फिल्म की रफ्तार कुछ जगह धीमी जरूर लगती है, लेकिन यही ठहराव कहानी के भावनात्मक प्रभाव को और गहरा बना देता है।

अभिनय
फिल्म में शम्भो महाजन का प्रदर्शन सबसे ज्यादा प्रभावित करता है। कम संवादों के बावजूद उनके चेहरे के भाव कहानी का दर्द बखूबी बयान करते हैं। उनकी मासूमियत और भावनात्मक अभिव्यक्ति दर्शकों के दिल तक पहुंचती है।

वहीं सोनाली शर्मिष्ठा ने सावित्री के किरदार में संघर्ष, बेबसी और भीतर छिपी ताकत को बेहद प्रभावशाली ढंग से निभाया है। उनका अभिनय फिल्म की भावनात्मक रीढ़ बनकर सामने आता है।

निर्देशक सोनू रणदीप चौधरी ने शराबी पति के किरदार को भी पूरी विश्वसनीयता के साथ निभाया है। इसके अलावा वंदना गुप्ता, देवा शर्मा और महेश जिलोवा ने भी अपने-अपने किरदारों के साथ कहानी को मजबूती प्रदान की है।

संगीत और तकनीकी पक्ष

फिल्म का संगीत राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता गाजी खान बरना और भुवन आहूजा ने तैयार किया है, जो कहानी की संवेदनाओं को और गहराई देता है। वहीं देवेंद्र भोमे का बैकग्राउंड स्कोर कई दृश्यों के प्रभाव को और मजबूत बनाता है।

सिनेमैटोग्राफर विल्सन रैबिन्से ने राजस्थान के रेगिस्तान और ग्रामीण परिवेश को बेहद खूबसूरती से कैमरे में कैद किया है। बीकानेर और श्री डूंगरगढ़ की वास्तविक लोकेशनों पर की गई शूटिंग फिल्म को और अधिक प्रामाणिक बनाती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyotsna Rawat

Related News