जिस बीमारी पर बनाते थे कंटेंट, उसी से जूझते हुए 28 साल की उम्र में इंफ्लुएंसर Michiel Vandeweert का हुआ निधन
punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 12:43 PM (IST)
Michiel Vandeweert : कंटेंट क्रिएटर और सोशल मीडिया की दुनिया से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर इन्फ्लुएंसर मिशेल वैंडवेर्ट का 28 साल की उम्र में निधन हो गया। वह अपनी जेनेटिक बीमारी प्रोजेरिया को लेकर कंटेंट बनाने के लिए जाने जाते थे और इसी वजह से उन्होंने सोशल मीडिया पर खास पहचान बनाई थी। उनके निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर शोक की लहर दौड़ है। फैंस, नेटिजन्स और उनके साथी स्ट्रीमर्स ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। फ्लेमिश ब्रॉडकास्ट VRT NWS ने भी मिशेल वैंडवेर्ट के निधन की पुष्टि की है।
मिशेल वैंडवेर्ट का हुआ निधन
फ्लेमिश ब्रॉडकास्ट VRT NWS ने मिशेल वैंडवेर्ट के निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि 28 वर्षीय मिशेल ने 10 अगस्त को आखिरी सांस ली। जारी बयान में कहा गया कि मिशेल अपने पीछे ऐसी यादें और प्रभाव छोड़ गए हैं, जिन्हें उन्हें जानने वाले लोग कभी नहीं भूल पाएंगे। उनके परिवार, माता-पिता, बहन और दोस्तों के प्रति भी संवेदना जताते हुए उन्हें इस मुश्किल समय में हिम्मत देने की प्रार्थना की गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिशेल पहले से ही अपनी बीमारी से जुड़ी कुछ स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं का सामना कर रहे थे। हालांकि, उनके निधन की असल वजह अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
फैंस ने दी श्रद्धांजलि
मिशेल के निधन की खबर सामने आते ही हर कोई काफी दुखी हो गया है। सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें भावुक अंदाज में याद करते हुए श्रद्धांजलि दी।एक फैन ने लिखा कि इस मुश्किल घड़ी में उनकी संवेदनाएं मिशेल के परिवार, दोस्तों और सभी करीबियों के साथ हैं। उन्होंने कहा की मिशेल को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। वहीं, एक अन्य प्रशंसक ने उन्हें याद करते हुए कहा की उनकी बहुत कमी महसूस होगी। एक दूसरे फैन ने मिशेल को दुनिया का बेहतरीन प्रो गमर और एक महान इंसान बताते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
