जानें, कौन थे LGBTQ इंफ्लूएंसर Mad Sandhu ? जिनकी दिनदहाड़े गोलियां मारकर ले ली जान, जल्द ही Bigg Boss 20 के घर में लेने वाले थे Entry
punjabkesari.in Sunday, Oct 04, 2026 - 06:09 PM (IST)
Mad Sandhu : पंजाब के अमृतसर से एक दिल दहला देने वाली वाली घटना सामने आई है, जिसने पंजाबी मनोरंजन जगत में शोक की लहर पैदा कर दी है। मशहूर मेकअप आर्टिस्ट और LGBTQ इंफ्लूएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम अमृतसर में यह वारदात हुई। बताया जा रहा है कि मैड संधू अपनी गाड़ी धुलवाने के लिए जा रहे थे, तभी बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर कोई राउंड फायरिंग कर दी। हमले में उन्हें दो गोलियां लगीं और वे सड़क पर गंभीर हालत में गिर पड़े।
घटना के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के स्थानीय स्तर पर भी सनसनी फैला दी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हमलावरों पर दर्ज की FIR
DSP प्रभजोत सिंह विर्क ने ANI को बताया कि गोलीबारी में मैड संधू को दो गोलियां लगी थीं, जिसके कारण उनकी जान चली गई। पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है और हमलावरों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, जांच में जुटी टीमों को कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं और आरोपियों तक पहुंचे की कोशिश की जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, घटनास्थल से पुलिस को गोलियों के दो खाली खोखे मिले हैं। वारदात के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें जांच कर रही हैं।
29 अक्टूबर को Bigg Boss 20 के घर में लेने वाले थे Entry
मैड संधू की हत्या के बाद उनके बारे में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। उनके दोस्त कुंवर सिंह ने बताया कि मैड संधू को जल्द ही रियलिटी शो बिग बॉस का हिस्सा बनना था। दावा है कि 29 अक्टूबर को वो बिग बॉस के घर में एंट्री लेने वाले थे।
कुंवर सिंह के अनुसार, शो में शामिल होने की उनकी प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी थी। जरुरी औपचारिकताएं पूरी करने के साथ-साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों पर साइन भी हो चुके थे। हालांकि, मैड संधू ने अपनी बिग बॉस में एंट्री को लेकर सोशल मीडिया या किसी सार्वजनिक मंच पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की थी।
कौन थे मैड संधू ?
आपको बता दें कि जिन्हे सोशल मीडिया मैड संधू के नाम से जानता था, उनका असली नाम मधुसूदन था। सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर होने के साथ-साथ वो एक मेकअप आर्टिस्ट भी थे। इतना ही नहीं पंजाबी इंडस्ट्री के साथ भी उनके काफी लिंक्स थे। मैड संधू को सोशल मीडिया पर कई बार होमोफोबिक ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने इसके बावजूद अपनी पहचान और विचारों को खुलकर सामने रखना जारी रखा।
