केनेडी रिव्यू: अनुराग कश्यप की डार्क साइको थ्रिलर, राहुल भट्ट लगे बढ़िया

punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 01:19 PM (IST)

फिल्म: केनेडी (Kennedy)
कलाकार: राहुल भट्ट (Rahul Bhatt) ,सनी लियोनी (Sunny Leone), मोहित तकलकर (Mohit Takalkar), अभिलाष थपलियाल (Abhilash Thapliyal) और मेघा बर्मन (Megha Burman)
निर्देशक: अनुराग कश्यप (anurag kashyap)

रेटिंग: 2.5*

Kennedy: तीन साल के लंबे इंतजार के बाद अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी फिल्म केनेडी अब दर्शकों के बीच आ चुकी है। फिल्म जी5 पर आज रिलीज हो रही है। केनेडी में राहुल भट्ट और सनी लियोनी मुख्य भूमिकाओं में हैं। कई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में फिल्म को काफी सराहना मिली है। आइए जानते हैं कैसी है साइको थ्रिलर फिल्म केनेडी।

कहानी
फिल्म की शुरुआत ही उदय शेट्टी के परिचय से होती है। बैकग्राउंड में उसकी आवाज गूंजती है-मेरा नाम उदय शेट्टी है। पिछले छह सालों में मैंने इतने लोगों को मारा है कि गिनती भूल गया हूं। यही डायलॉग फिल्म का टोन सेट कर देता है। फिल्म का लीड किरदार ( राहुल भट्ट) उदय शेट्टी दोहरी जिंदगी जीता है।

दिन में वह एक साधारण टैक्सी ड्राइवर है, जो शहर की भीड़ में गुम रहता है। लेकिन रात होते ही वही शख्स पुलिस कमिश्नर का कॉन्ट्रैक्ट किलर बन जाता है। यह दोहरी जिंदगी धीरे-धीरे उसके भीतर के संतुलन को तोड़ने लगती है। कहानी तब और पेचीदा हो जाती है जब सन्नी लियोनी का किरदार उसकी जिंदगी में कदम रखता है। उसकी मौजूदगी उदय की दुनिया को हिलाकर रख देती है और उसे उस अंधेरे में धकेलती है, जिससे वह अब तक बचता आया था। जैसे-जैसे पुलिस का शिकंजा कसता है, उदय की पहचान दरकने लगती है और फिल्म एक मिस्ट्री-ड्रिवन थ्रिलर में बदल जाती है और क्या अंजाम होगा इस साइको किलर का और उसके ऐसा बनने की वजह क्या है ये जानने के लिए आपको पूरी फिल्म देखनी होगी।

निर्देशन
फिल्म का निर्देशन जाने मानें निर्देशक अनुराग कश्यप ने किया है। कहानी की गंभीरता के साथ न्याय करता है। फिल्म किसी तरह की लाउड ड्रामेबाजी से दूर रहकर एक रॉ और रियल टोन अपनाती है। हिंसा को ग्लैमराइज नहीं किया गया, बल्कि उसे किरदार की मानसिक स्थिति के हिस्से के रूप में दिखाया गया है। कैमरा वर्क और बैकग्राउंड स्कोर फिल्म के डार्क माहौल को मजबूती देते हैं। लेकिन वहीं दूसरी ओर फिल्म काफी धीमी चलती है अगर आपका धैर्य का लेवल मजबूत है तो ही आप फिल्म को देख पाएंगे वरना शुरु में ही फिल्म बहुत खिंची हुई और बोरिंग लगती है। 

अभिनय
राहुल भट्ट ने उदय शेट्टी के किरदार के लिए 20 किलो वजन बढ़ाया है, जो स्क्रीन पर साफ नजर आता है। उनका शारीरिक बदलाव ही नहीं, बल्कि चेहरे की सख्ती और आंखों में झलकती बेचैनी किरदार को विश्वसनीय बनाती है।

सनी लियोनी की एंट्री फिल्म में एक नया मोड़ लाती है। उनका किरदार कहानी को इमोशनल और सस्पेंसफुल दिशा देता है। सपोर्टिंग कास्ट में मोहित तकलकर, अभिलाष थपलियाल और मेघा बर्मन प्रभावी नजर आते हैं। वहीं कवि आमिर अजीज की छोटी भूमिका भी कहानी में एक अलग परत जोड़ती है।

रिव्यू
‘केनेडी’ एक ऐसी फिल्म लगती है जो मास एंटरटेनमेंट से ज्यादा इंटेंस सिनेमा पसंद करने वालों के लिए है। यह सिर्फ एक कॉन्ट्रैक्ट किलर की कहानी नहीं, बल्कि एक ऐसे इंसान की मानसिक टूटन की दास्तान है जो अपनी ही बनाई अंधेरी दुनिया में फंसता चला जाता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansi

Related News