मनोरंजन जगत को झटका, 80 की उम्र में इस मशहूर कॉमेडियन ने दुनिया को कहा अलविदा
punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 03:26 PM (IST)
Jimmy Cricket : मनोरंजन और कॉमेडी की दुनिया से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग और अनोखी प्रस्तुति से करीब पांच दशकों तक दर्शकों का मनोरंजन करने वाले दिग्गज कॉमेडियन और अभिनेता अब इस दुनिया में नहीं रहे। टीवी, रेडियो और लाइव परफॉर्मेंस के जरिए उन्होंने लाखों लोगों के दिलों में खास जगह बनाई थी। 80 वर्ष की उम्र में उनके निधन की खबर से अंतरराष्ट्रीय मनोरंजन जगत में शोक का माहौल है और उनके प्रशंसक उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
80 की उम्र में जिमी क्रिकेट ने दुनिया को कहा अलविदा
ब्रिटेन के मशहूर कॉमेडियन जिमि क्रिकेट ने 3 अगस्त 2026 को 80 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। उनके परिवार ने फेसबुक पर एक भावुक सन्देश शेयर करते हुए बताया कि कुछ समय से अस्वस्थ रहने के बाद उनका निधन हो गया। परिवार के अनुसार, उन्होंने अपने जीवन के आखिरी पल अपने प्रियजनों और परिवार के सदस्यों के बीच शांतिपूर्वक बिताए।
सादगी भरी कॉमेडी के लिए मशहूर थे कॉमेडियन
साल 1945 में उत्तरी आयरलैंड में जन्मे जिमि क्रिकेट का असली नाम जेम्स मूलग्रु था। उन्होंने केवल 18 वर्ष की उम्र में अपने मनोरंजन करियर की शुरुआत कर दी थी। मंच पर उनका अनोखा अंदाज, जिसमें वे उलटे पैरों में जूते पहनते, लंबा कोट ओढ़ते और अपनी मशहूर पंचलाइन "एंड देअर्स मोर" कहते थे, उनकी खास पहचान बन गया। यही अलग शैली उन्हें दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय बनाती थी।
टीवी और रेडियो में भी दिया अपना योगदान
1980 के दशक में प्रसारित उनके लोकप्रिय टीवी शो ने जिमि क्रिकेट को घर-घर में पहचान दिलाई। इसके बाद 1990 के दशक में उन्होंने बीबीसी रेडियो पर भी एक सफल कार्यक्रम की मेजबानी की, जिसे श्रोताओं ने खूब पसंद किया। अपने करीब पांच दशक लंबे करियर के दौरान उन्होंने कई बड़े लाइव कॉमेडी टूर किए और अनेक नामी कलाकारों के साथ मंच शेयर किया।
