आइस एज: बॉइलिंग पॉइंट का टीज़र रिलीज़, 5 फरवरी 2027 को बड़े पर्दे पर लौटेगा मैनी-सिड का गैंग
punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 11:50 AM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। एनिमेशन फिल्मों के प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। दुनिया की सबसे लोकप्रिय एनिमेटेड फ्रेंचाइज़ी में से एक Ice Age: Boiling Point बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही है। फिल्म का नया टीज़र ट्रेलर और पोस्टर रिलीज़ कर दिया गया है, जिसने फैंस के बीच उत्साह बढ़ा दिया है। यह फिल्म 5 फरवरी 2027 को अंग्रेज़ी और हिंदी भाषा में सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
टीज़र में दिखा रोमांच और अफरा-तफरी का नया सफर
फिल्म के टीज़र में दर्शकों के पसंदीदा किरदार एक बार फिर साथ नजर आते हैं। मैनी, डिएगो, सिड, बक और एली की टीम इस बार एक नए और खतरनाक मिशन पर निकलती है। कहानी में एक विशाल ज्वालामुखी विस्फोट पूरे झुंड को हवा में उछाल देता है, जिसके बाद वे डायनासोर और लावा से भरी रहस्यमयी दुनिया में पहुंच जाते हैं।
लौट रहे हैं फैंस के पसंदीदा किरदार
टीज़र में मैनी, डिएगो, सिड, बक और एली के अलावा फैंस के चहेते स्क्रैट, क्रैश, एडी और बेबी स्क्रैट की भी वापसी दिखाई गई है। यही वजह है कि फिल्म को लेकर पुरानी यादों से जुड़े दर्शकों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।
पहले से ज्यादा खतरनाक होगा लॉस्ट वर्ल्ड
फिल्म में इस बार झुंड को पहले से कहीं ज्यादा खतरनाक चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। डायनासोरों, ज्वालामुखियों और रहस्यमयी इलाकों से भरे लॉस्ट वर्ल्ड में उनकी यह यात्रा रोमांच, कॉमेडी और इमोशनल पलों से भरपूर होने वाली है।
फैमिली एंटरटेनमेंट का पूरा पैकेज
निर्देशक John Donkin के निर्देशन में बनी यह फिल्म उसी हास्य और मनोरंजन को आगे बढ़ाती है जिसने आइस एज फ्रेंचाइज़ी को दुनियाभर में लोकप्रिय बनाया। फिल्म बच्चों से लेकर बड़ों तक, पूरे परिवार के लिए एक शानदार सिनेमाई अनुभव देने का वादा करती है।
5 फरवरी 2027 को होगी रिलीज़
Walt Disney Studios द्वारा प्रस्तुत आइस एज: बॉइलिंग पॉइंट 5 फरवरी 2027 को केवल सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। टीज़र के सामने आने के बाद फैंस अब इसके फुल ट्रेलर और फिल्म की रिलीज़ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
