हॉलीवुड अभिनेत्री विमान में मारपीट के मामले में गिरफ्तार, पुलिसकर्मी और नर्स पर भी किया हमला
punjabkesari.in Tuesday, Oct 13, 2026 - 08:50 AM (IST)
न्यूयॉर्क : हॉलीवुड अभिनेत्री सेल्मा ब्लेयर को लॉस एंजिलिस से न्यूयॉर्क जा रही उड़ान के दौरान दो विमान परिचारिकाओं पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन पर अस्पताल ले जाते समय एक महिला पुलिस अधिकारी और अस्पताल में एक नर्स के साथ भी मारपीट करने का आरोप है।
'पोर्ट अथॉरिटी ऑफ न्यूयॉर्क एंड न्यूजर्सी' की ओर से जारी बयान के अनुसार, जॉन एफ. केनेडी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर डेल्टा एयरलाइंस का विमान उतरने के बाद रविवार रात करीब 11 बजे पुलिस ने ब्लेयर को हिरासत में ले लिया। बयान में बताया गया कि ब्लेयर और घायल विमान परिचारिकाओं में से एक को चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। जांच संबंधी दस्तावेजों के अनुसार ब्लेयर को जमैका अस्पताल ले जा रही एक महिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब वह अभिनेत्री को स्ट्रेचर पर सुरक्षित तरीके से बांध रही थीं, तब ब्लेयर ने उनके चेहरे, गर्दन तथा छाती पर कई बार लात मारी जिससे उन्हें काफी पीड़ा हुई।
इसके बाद, ब्लेयर को दूसरी जगह ले जा रही एक नर्स ने भी आरोप लगाया कि अभिनेत्री ने उनकी छाती पर लात मारी, जिससे उन्हें चोट आई। सोमवार देर शाम क्वींस की एक अदालत में ब्लेयर के खिलाफ हमले के दो आरोप तय किए गए। न्यायाधीश ने उन्हें 20,000 अमेरिकी डॉलर नकद या 60,000 अमेरिकी डॉलर के मुचलके पर जमानत दे दी। मामले की अगली सुनवाई जनवरी में निर्धारित की गई है।
ब्लेयर के एक प्रतिनिधि ने 'एसोसिएटेड प्रेस' को बताया कि कथित घटना से पहले अभिनेत्री को अचानक स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्या हुई थी। विमानन कंपनी, पुलिस और मामले की जांच कर रहे संघीय जांच ब्यूरो (FBI) ने विमान के भीतर हुई घटना का विवरण साझा नहीं किया है। यह पहली बार नहीं है, जब ब्लेयर के साथ विमान में असहज स्थिति पैदा हुई है। इससे पहले 2016 में कानकुन से लॉस एंजिलिस जा रही उड़ान के दौरान दिए गए अपने बयानों के लिए उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। उस समय उन्होंने स्पष्ट किया था कि शराब के साथ दवा का सेवन करने के कारण वह अपना होश खो बैठी थीं। ब्लेयर ने 1999 में आई 'क्रूएल इंटेंशंस', 2001 की 'लीगली ब्लॉन्ड' और 2004 की 'हेलबॉय' जैसी फिल्मों में प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं।
