साउथ इंडस्ट्री को बड़ा झटका, 100 से अधिक फिल्मों में अपनी छाप छोड़ने वाले दिग्गज अभिनेता GV Narayana Rao का निधन
punjabkesari.in Thursday, Aug 27, 2026 - 01:50 PM (IST)
GV Narayana Rao : तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता और निर्माता जीवी नारायण राव अब इस दुनिया में नहीं रहे। 73 वर्ष की उम्र में उन्होंने बुधवार शाम अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरी तेलुगु सिनेमा इंडस्ट्री में शोक की लहर फ़ैल गई। कई फिल्मी सितारों और जानी-मानी हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके निधन को सिनेमा जगत के लिए क्षति बताया।

सेहत से परेशान थे एक्टर
आपको बता दें कि एक्टर जीवी नारायण राव काफी समय से स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान चल रहे थे। उनके निधन पर मूवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन ने भी शोक व्यक्त किया है। खास बात यह है कि उनके मेगास्टार चिरंजीवी के साथ बेहद करीबी रिश्ता था और दोनों अच्छे दोस्त माने जाते थे। उन्होंने कई फिल्मों में एक साथ काम करते हुए दर्शकों का दिल भी जीता था।
पहली ही फिल्म से मिल गई लोकप्रियता
कृष्णा जिले के कुरुमद्दली गांव में जन्मे जीवी नारायण राव ने मद्रास फिल्म इंस्टीट्यूट से अभिनय की बारीकियां सीखीं। इसके बाद उन्होंने साल 1976 में दिग्गज निर्देशक के.बालचंद्र की फिल्म अंथुलेनी कथा से अपने फ़िल्मी करियर की शुरुआत की। अपनी पहली ही फिल्म में शानदार अभिनय के दम पर उन्होंने दर्शकों और आलोचकों का दिल जीत लिया। इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का नंदी पुरस्कार भी मिला।

100 से ज्यादा फिल्मों में किया काम
इसके बाद जीवी नारायण राव ने ‘मुत्याला पल्लाकी’, ‘ओका ऊरी कथा’, ‘चिलकम्मा चेप्पिंदि’ और ‘ऊरुकिच्चिना माटा’ समेत कई फिल्मों में अपनी अदाकारी का जलवा दिखाया। लगभग पांच दशकों तक चले अपने शानदार करियर में वह 100 से अधिक फिल्मों का हिस्सा बने और साउथ सिनेमा में अपनी खास पहचान कायम की।
