9 साल बाद भी कायम है ‘बाहुबली 2’ का जलवा, अब ‘द इटरनल वॉर’ के साथ लौटेगी महिष्मति की कहानी

punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 03:03 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। बाहुबली 2: द कन्क्लूजन को रिलीज़ हुए 9 साल पूरे हो चुके हैं, लेकिन फिल्म का क्रेज आज भी दर्शकों के बीच कायम है। एस. एस. राजामौली के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने भारतीय सिनेमा को एक नया आयाम दिया और पैन-इंडिया फिल्मों के दौर को मजबूती से स्थापित किया। यह फिल्म केवल एक ब्लॉकबस्टर नहीं रही, बल्कि इंडियन सिनेमा के लिए एक मील का पत्थर साबित हुई।

एक सवाल जिसने पूरे देश को बांधे रखा
बाहुबली: द बिगिनिंग के क्लाइमैक्स ने दर्शकों के बीच ऐसा सस्पेंस पैदा किया था जिसने पूरे देश को एक ही सवाल में उलझा दिया—“कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा?”। इस सवाल का जवाब जब बाहुबली 2: द कन्क्लूजन में सामने आया, तो फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड कायम कर दिए और कहानी कहने के अंदाज़ को नई ऊंचाई दी।

बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक सफलता
बाहुबली 2: द कन्क्लूजन ने दुनियाभर में ₹1,800 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर भारतीय सिनेमा के इतिहास में नया अध्याय लिखा। यह ₹1000 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली पहली भारतीय फिल्म बनी और इसने कई राष्ट्रीय पुरस्कार भी अपने नाम किए, जिनमें सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म, सर्वश्रेष्ठ विशेष प्रभाव और सर्वश्रेष्ठ स्टंट कोरियोग्राफी शामिल हैं।

मदार स्टारकास्ट ने बनाई फिल्म यादगार
फिल्म की सफलता में इसकी स्टारकास्ट का भी बड़ा योगदान रहा। प्रभास ने डबल रोल में प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जबकि राणा दग्गुबाती ने भल्लालदेव के रूप में दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। इसके अलावा अनुष्का शेट्टी, तमन्ना भाटिया, राम्या कृष्णा और सत्यराज जैसे कलाकारों ने फिल्म को यादगार बना दिया।

अब ‘द इटरनल वॉर’ के साथ आगे बढ़ेगी कहानी
अब इस फ्रेंचाइज़ी की कहानी बाहुबली: द इटरनल वॉर के जरिए आगे बढ़ने जा रही है। यह एक दो-भागों में बनी एनिमेटेड फिल्म होगी, जिसका निर्देशन ईशान शुक्ला कर रहे हैं। फिल्म का टीज़र पहले ही दर्शकों के बीच चर्चा बटोर चुका है और इसे 2027 में रिलीज़ किए जाने की योजना है।

इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म पर मिली बड़ी पहचान
खास बात यह है कि ‘द इटरनल वॉर’ को Annecy International Animation Film Festival के ‘वर्क इन प्रोग्रेस’ सेक्शन में चुना गया है, जो एनीमेशन इंडस्ट्री का एक प्रतिष्ठित मंच माना जाता है। इससे पहले Spider-Man: Into the Spider-Verse और Flow जैसी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराही गई फिल्में भी इस प्लेटफॉर्म पर पेश की जा चुकी हैं।

2027 में फिर गूंजेगी ‘बाहुबली’ की कहानी
9 साल बाद भी ‘बाहुबली’ का जादू दर्शकों के बीच बरकरार है और अब ‘द इटरनल वॉर’ के साथ यह कहानी एक नए अंदाज़ में सामने आने वाली है। ऐसे में साफ है कि महिष्मति की यह गाथा अभी खत्म नहीं हुई है, बल्कि आने वाले समय में और भी बड़े स्तर पर दर्शकों को रोमांचित करने वाली है। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Reetu sharma

Related News