इंडस्ट्री में पसरा मातम, 33 की उम्र में इस Disney स्टार का हुआ निधन
punjabkesari.in Thursday, Sep 03, 2026 - 01:06 PM (IST)
Carla Jeffery : डिज्नी की पॉपुलर फ्रैंचाइजी जॉम्बीज़ में ब्री का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस कार्ला जेफरी का निधन हो गया है। उन्होंने महज 33 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। कार्ला के निधन की जानकारी उनके परिवार की तरफ से उनकी टैलेंट एजेंसी के जरिए दी गई। परिवार के मुताबिक, एक्ट्रेस ने 1 सितंबर, मंगलवार को आखिरी सांस ली।
33 साल की उम्र में ली आखिरी सांस
परिवार ने अपनी टैलेंट एजेंसी अलेक्जेंडर टैलेंट मैनेजमेंट के माध्यम से जारी बयान में कार्ला के निधन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1 सितंबर 2026 को 33 साल की उम्र में कार्ला ने आखिरी सांस ली। हालांकि, परिवार ने अभी तक उनकी मौत की वजह से जुड़ी कोई जानकारी साझा नहीं की है।
कार्ला जेफरी के सोशल मीडिया अकाउंट पर भी परिवार की तरफ से यह बयान शेयर किया गया, जिसमें इस मुश्किल समय में लोगों से उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की गई है। परिवार ने बताया कि कार्ला महज 12 साल की उम्र में अलेक्जेंडर टैलेंट मैनेजमेंट से जुड़ गई थीं। एजेंसी के साथ दो दशक से अधिक के सफर में उन्हें एक खुशमिजाज, प्रतिभाशाली और बेहद जिंदादिल महिला के रूप में आगे बढ़ते देखने का मौका मिला।
कार्ला की प्यारी मुस्कान और शानदार व्यक्तित्व लोगों के बीच अलग छाप छोड़ते थे। डिज्नी की मशहूर फ्रैंचाइजी ‘जॉम्बीज’ में ब्री के किरदार से उन्होंने दुनियाभर के दर्शकों का मनोरंजन किया और अपनी ऊर्जा व मजाकिया अंदाज से सभी का दिल जीता।
एजेंसी ने कहा कि कार्ला उनके लिए सिर्फ एक क्लाइंट नहीं बल्कि परिवार का हिस्सा थीं। उनके निधन पर एजेंसी ने उनके परिवार और करीबियों के प्रति संवेदना जताई और लोगों से इस दुःख की घड़ी में परिवार की प्राइवेसी बनाए रखने की अपील की। बयान के अंत में कहा गया कि कार्ला को हमेशा याद किया जाएगा।
कार्ला जेफरी का जीवन और करियर
10 जुलाई 1993 को ह्यूस्टन, टेक्सास में जन्मी कार्ला जेफरी का परिवार साल 2005 में लॉस एंजिल्स शिफ्ट हो गया था उस समय कार्ला और उनके भाई-बहन काफी कम उम्र के थे। कार्ला ने महज 12 साल की उम्र में एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा और 2006 में रिलीज हुई फिल्म ‘फैट गर्ल्स’ से फिल्मी करियर की शुरुआत की।
