एक पल में उजड़ गईं खुशियां, घूमने निकली थी, नहीं आई लौटकर...दर्दनाक हादसे में 24 साल की biker Riddhi Thakkar की हुई मौत
punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 12:19 PM (IST)
बालोद (एजेंसी) : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बुधवार सुबह एक भारी वाहन की टक्कर से महाराष्ट्र की 24 वर्षीय एक महिला मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। वह छत्तीसगढ़ के बस्तर इलाके के दौरे पर निकले मोटरसाइकिल सवारों के एक समूह का हिस्सा थी।

23 राइडर्स निकले थे घूमने
पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब छह बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर पुरूर थाना क्षेत्र के मरकाटोला घाट में हुआ। मृतका की पहचान मुंबई के बोरीवली (पश्चिम) निवासी रिद्धि ठक्कर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र और कुछ अन्य राज्यों के करीब 20 मोटरसाइकिल सवारों का एक समूह पहले रायपुर पहुंचा था और वहां से बस्तर क्षेत्र की ओर जा रहा था, इसी दौरान यह हादसा हुआ।

टक्कर मारकर वाहन चालक हुआ फरार
अधिकारी के अनुसार, रिद्धि ठक्कर बजाज एवेंजर मोटरसाइकिल चला रही थीं, तभी उनकी बाइक को किसी अज्ञात भारी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनके पैरों में विशेष रूप से गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटनास्थल राज्य की राजधानी रायपुर से करीब 90 किलोमीटर दूर है। पुलिस वाहन और उसके चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है। अधिकारी ने बताया कि रिद्धि के साथ यात्रा कर रहे अन्य मोटरसाइकिल सवारों ने पुलिस हेल्पलाइन डायल-112 पर संपर्क किया। इसके बाद उन्हें आपातकालीन वाहन से पड़ोसी कांकेर जिले के चारामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए बाद में उन्हें धमतरी जिले के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
