बचपन का सपना ''इंडियन गेम शो'', हमने लगभग अपनी पूरी जमा पूंजी लगा दी: भारती सिंह

punjabkesari.in Monday, Aug 24, 2026 - 11:25 AM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। कॉमेडियन और होस्ट भारती सिंह जल्द ही पति हर्ष लिंबाचिया के साथ ‘Indian Game Show with Bharti and Harssh’ लेकर आ रही हैं। शो को लेकर भारती काफी एक्साइटेड होने के साथ-साथ नर्वस भी हैं। यह शो 24 अगस्त से सोनी लिव और सोनी चैनल पर आने वाला है। इस शो के बारे में भारती सिंह ने पंजाब केसरी और नवोदय टाइम्स की संवाददाता मनीषा कनौजिया से खास बातचीत की... 

सवाल: ‘Indian Game Show with Bharti and Harssh’ को लेकर आप कितनी एक्साइटेड हैं?

भारती सिंह: बहुत ज्यादा मजा आ रहा है। हमने इस शो के लिए बहुत मेहनत की है। एक समय तो हमें लगा था कि शायद यह शो नहीं बन पाएगा, इसलिए हमने इसे YouTube पर बनाया था। बाद में Sony को हमारा आइडिया पसंद आया और उन्होंने हमें पूरा शो बनाने का मौका दिया। मैं और हर्ष दोनों इस समय बहुत मजे में हैं। काम भी है, तबीयत भी खराब रहती है, लेकिन शो को लेकर बहुत खुशी है। बस 24 तारीख को शो ऑन एयर होने को लेकर थोड़ा डर लग रहा है कि दर्शकों को कैसा लगेगा। जिन लोगों ने प्रोमो और लाइव शूट देखा है, उन्होंने काफी एन्जॉय किया है। अब असली रिजल्ट 24 तारीख को ही पता चलेगा।

सवाल: ‘Indian Game Show’ किस तरह का शो है और इसमें दर्शकों को क्या खास देखने को मिलेगा?

भारती सिंह: यह एक पूरा फैमिली शो है। ऐसा बिल्कुल नहीं है कि इसे सिर्फ यंगस्टर्स देख सकते हैं। दादा-दादी, माता-पिता और बच्चे सभी इसे साथ बैठकर देख सकते हैं। इसमें एक के बाद एक मजेदार मोमेंट्स आते हैं। हमारे दोस्त और इंडस्ट्री के कलाकार शो में आते हैं और हम उनके साथ खूब मस्ती करते हैं। हर हफ्ते नए कलाकार आते हैं, गेम खेलते हैं और इतना एन्जॉय करते हैं कि कई लोग शो खत्म होने के बाद कहते हैं कि उन्होंने इतना मजा पहले कभी नहीं किया।

सवाल: आपको और हर्ष को इस तरह का गेम शो बनाने का आइडिया कहां से आया?

भारती सिंह: जब हमने गेम शो के बारे में सोचा था उस समय कोई चैनल ऐसा शो नहीं बना रहा था। हम दोनों के अंदर बचपन से ही एक बच्चे वाला कीड़ा है। गरीबी में हमने अपना बचपन देखा है, इसलिए कभी एम्यूजमेंट पार्क जाना या राइड्स करना नहीं हुआ। बाहर के गेम शोज देखकर हमें भी लगा कि ऐसा कुछ अपना बनाना चाहिए। हमने अपनी जमा पूंजी लगाकर YouTube पर ‘Indian Game Show’ बनाया। उस समय मैं पांच महीने की प्रेग्नेंट थी और किसी को इसके बारे में पता भी नहीं था। यह हमारे लिए बहुत बड़ा रिस्क था, लेकिन किस्मत अच्छी रही और Sony को हमारा कॉन्सेप्ट पसंद आया।

सवाल: शो की टैगलाइन है ‘जहां दोस्तों को फंसाएंगे और आपको हंसाएंगे’। इसके पीछे क्या खास वजह है?

भारती सिंह: हमारे शो में इंडस्ट्री के दोस्त आते हैं। उन्हें लगता है कि वे यहां खूब मजेदार तरीके से गेम खेलेंगे और ग्लैमरस दिखेंगे, लेकिन कुछ ही देर बाद उन्हें पता चलता है कि यहां असली गेम क्या होने वाला है। किसी के चेहरे पर क्रीम लग रही है, कोई पानी में गिर रहा है, किसी को गेंद लग रही है तो किसी को मजेदार सजा मिल रही है। इसलिए हमारे दोस्त खुद कहते हैं कि तुम लोगों ने हमें फंसा दिया। इसी वजह से टैगलाइन है- ‘जहां दोस्तों को फंसाएंगे और आपको हंसाएंगे।’

सवाल: क्या आम दर्शकों को भी शो में गेम खेलने का मौका मिलेगा?

भारती सिंह: बिल्कुल। हम ऑडियंस के साथ भी छोटी-छोटी गेम्स खेलते हैं और उन्हें प्राइज भी देते हैं। मैं अपने व्लॉग और सोशल मीडिया पर भी बताती रहती हूं कि अगर आपको लाइव ‘Indian Game Show’ देखना है और हमारे साथ गेम खेलना है तो आइए। कई लोग सिर्फ गेम खेलने और कुछ जीतने के लिए भी आते हैं। ऑडियंस के साथ गेम खेलना मेरे शो के पसंदीदा हिस्सों में से एक है।

सवाल: टीवी के साथ OTT और सोशल मीडिया का दौर है। क्या आपको लगता है कि लोग अब भी टीवी पर फैमिली शो देखने के लिए वापस आएंगे?

भारती सिंह: बिल्कुल, OTT की अपनी ऑडियंस है और हम भी OTT पर काफी चीजें देखते हैं, लेकिन आज भी बहुत से घरों में टीवी उतना ही महत्वपूर्ण है। मेरी मम्मी, हर्ष की मम्मी और परिवार के कई लोग आज भी टीवी देखते हैं। आज भी बहुत से परिवार ऐसे हैं जो रात में साथ बैठकर खाना खाते हैं और कुछ साथ में देखते हैं। इसलिए हमने सोचा कि यह शो टीवी पर भी आना चाहिए, ताकि पूरी फैमिली इसे साथ बैठकर देख सके।

सवाल: जब आपने YouTube पर यह शो शुरू करने का फैसला किया, तब सबसे बड़ी चुनौती क्या थी?

भारती सिंह: सबसे बड़ी चुनौती पैसे और रिस्क की थी। हम एक बड़े लेवल का गेम शो बना रहे थे और इसमें 100 से ज्यादा कलाकार आए थे। उस समय COVID के बाद चीजें धीरे-धीरे सामान्य हो रही थीं। साथ ही हमारी जिंदगी में एक और बड़ा बदलाव आने वाला था। मैं उस वक्त प्रेग्नेंट थी। हमें डर था कि इतना पैसा लगाने के बाद अगर शो नहीं चला तो क्या होगा। लेकिन हमने हिम्मत की और अपनी लगभग पूरी जमा पूंजी इसमें लगा दी। आज लगता है कि हमने ईमानदारी और दिल से जो रिस्क लिया था, उसका नतीजा अच्छा आया।

सवाल: असल जिंदगी में आपकी और हर्ष की केमिस्ट्री दर्शकों को काफी पसंद आती है। क्या यही शो का सबसे बड़ा USP है?

भारती सिंह: हां, हमारी केमिस्ट्री तो शो में होगी ही। हम दोनों साथ होते हैं तो मस्ती अपने आप शुरू हो जाती है। पंजाबी कपल्स की तरह हम एक-दूसरे की तारीफ भी करते हैं और बीच-बीच में एक-दूसरे की चुगली भी कर देते हैं। हर्ष कुछ करता है तो मैं उसे छेड़ती हूं और मैं कुछ करती हूं तो वह भी पीछे नहीं रहता। हमारे बीच की यही दोस्ती और नोकझोंक शो में भी देखने को मिलेगी।

सवाल: शो में अपने दोस्तों और कलाकारों के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा?

भारती सिंह: बहुत अच्छा रहा। जो कलाकार हमारे शो में आ रहे हैं, उनमें से ज्यादातर के साथ हम पहले भी काम कर चुके हैं। इसलिए वे आते ही मस्ती शुरू कर देते हैं। शो का माहौल ऐसा है जैसे पूरा परिवार किसी एम्यूजमेंट पार्क में चला गया हो। कोई पानी में गिर रहा है, कोई एक-दूसरे को झाग लगा रहा है और सब मिलकर खूब हंस रहे हैं। आपको ऐसा लगेगा जैसे कोई बड़ा भाई या मामा बच्चों को एम्यूजमेंट पार्क लेकर आया हो।

सवाल: 24 अगस्त को शो ऑन एयर होने वाला है। इस समय आपके मन में क्या चल रहा है?

भारती सिंह: बहुत ज्यादा डर लग रहा है। ऐसा लग रहा है जैसे आपका कोई अपना ऑपरेशन थिएटर में हो और आप बाहर खड़े होकर इंतजार कर रहे हों कि डॉक्टर बाहर आकर क्या बताएगा। वैसा ही एहसास हो रहा है। लेकिन यह डर अच्छा भी है, क्योंकि कई बार डर के आगे ही जीत होती है। हमने बहुत मेहनत की है और इस शो में शारीरिक तौर पर भी काफी मेहनत करनी पड़ी है। अभी भी शरीर की हड्डियां चरमरा रही हैं, लेकिन खुशी है कि हमने इतना बड़ा रिस्क लिया।

सवाल: आखिर में दर्शकों के लिए क्या कहना चाहेंगी?

भारती सिंह: बस आप हमें और हमारे शो को अपना प्यार दीजिए। 24 अगस्त से ‘Indian Game Show with Bharti and Harssh’ शुरू हो रहा है। हमने बहुत मेहनत और ईमानदारी से इसे बनाया है। यह ऐसा शो है जिसे आप अपनी पूरी फैमिली के साथ बैठकर देख सकते हैं और खूब हंस सकते हैं। हमें उम्मीद है कि दर्शकों को हमारा यह नया अंदाज बहुत पसंद आएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansi

Related News