Review: टीवी से थिएटर तक, भाभीजी घर पर हैं- फन ऑन द रन ने ऑडियंस का लूटा दिल

punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 03:23 PM (IST)

फिल्म : भाभीजी घर पर हैं- फन ऑन द रन (Bhabhiji ghar par hai fun on the run)
निर्देशक : शशांक बाली (Shashank Bali)
स्टारकास्ट: रवि किशन (Ravi Kishan), मुकेश तिवारी (Mukesh Tiwari), दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ (Dinesh Lal Yadav ‘Nirahua’), आसिफ शेख (Aasif Sheikh), रोहिताश्व गौर (Rohitashv Gour), शुभांगी अत्रे (Shubhangi Atre), विदिशा श्रीवास्तव (Vidisha Srivastava), बृजेंद्र काला (Brijendra Kala), मुश्ताक खान (Mushtaq Khan)
रेटिंग : 3 स्टार

Bhabhiji ghar par hai fun on the run: बॉलीवुड में रीमेक का ट्रेंड नया नहीं है। कभी हॉलीवुड फिल्मों से तो कभी दूसरे भाषाई सिनेमा से प्रेरित कहानियां बड़े पर्दे पर आती रही हैं। इस हफ्ते रिलीज हुई ‘भाभीजी घर पर हैं- फन ऑन द रन’ भी मशहूर टीवी शो का सिनेमाई रूप है| दस साल से ज्यादा समय से दर्शकों का मनोरंजन कर रहा यह शो अब बड़े पर्दे पर भी अपनी अलग छाप छोड़ने में कामयाब नज़र आता है।

कहानी
फिल्म की कहानी टीवी शो की समरी लगती है, लेकिन बड़े पर्दे के हिसाब से इसे बहुत अच्छे अंदाज में पेश किया गया है। फिल्म में तिवारी और विभूति हमेशा की तरह अंगूरी और अनीता का ध्यान पाने में लगे रहते हैं। वहीं मंदिर जाते हुए उनकी मुलाकात शांति और क्रांति नाम के दो भाइयों से होती है। कहानी में मजेदार मोड़ तब आता है जब ये दोनों भाई अंगूरी और अनीता पर दिल हार बैठते हैं। इसके बाद शुरू होता है गलतफहमियों और मजेदार घटनाओं का सिलसिला, जो फिल्म को हल्के-फुल्के कॉमेडी अंदाज में आगे बढ़ाता है।

ऐक्टिंग
टीवी पर अपनी मासूमियत और शानदार टाइमिंग से दिल जीतने वाले आसिफ शेख और रोहिताश्व गौर फिल्म में भी वही एनर्जी लेकर आए हैं। दोनों की ऐक्टिंग दर्शकों का दिल जीत लेती है। शुभांगी अत्रे का लोकप्रिय डायलॉग आज भी उतना ही मनोरंजक लगता है और उनकी मौजूदगी फिल्म में अलग रंग भरती है। विदिशा श्रीवास्तव ने अपने किरदार को पूरी तरह जस्टिफाई किया है। और साथ ही रवि किशन और मुकेश तिवारी जैसे अनुभवी कलाकारों ने भी दमदार छाप छोड़ी है।

रिव्यू
निर्देशक शशांक बाली, जिन्होंने टीवी पर सफलता हासिल की है, फिल्म में भी उसी अंदाज को बड़े पर्दे पर पेश करने में सफल रहे हैं। कहानी का प्रस्तुतिकरण आकर्षक है और संवाद मनोरंजक हैं। कई जगह हंसी स्वाभाविक रूप से आती है और दर्शकों को हंसाने में कामयाब रहती है। सिनेमैटोग्राफी अच्छी है |

कुल मिलाकर ‘भाभीजी घर पर हैं- फन ऑन द रन’ एक हल्की-फुल्की, पारिवारिक और मनोरंजक फिल्म है, जो टीवी शो की उसी मस्ती और अंदाज को बड़े पर्दे पर लेकर आती है। कॉमेडी, ड्रामा और थोड़ा सा हॉरर ट्विस्ट इसे और दिलचस्प बनाता है। शो के फैंस के लिए यह फिल्म किसी ट्रीट से कम नहीं है। अगर आप बिना ज्यादा सोच-विचार के हंसना और एंटरटेन होना चाहते हैं, तो यह फिल्म आपके लिए एक अच्छा विकल्प साबित हो सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansi

Related News