अरुण गोविल अब बनेंगे राजा दशरथ, ‘रामायणम्’ से सामने आया नया पोस्टर

punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 12:43 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। अरुण गोविल का नाम सुनते ही आज भी दर्शकों के जेहन में भगवान राम की छवि सामने आ जाती है। टीवी पर राम का किरदार निभाकर उन्होंने ऐसा प्रभाव छोड़ा था, जिसे कई पीढ़ियां आज तक याद करती हैं। अब अरुण गोविल एक बार फिर रामायण की दुनिया का हिस्सा बनने जा रहे हैं, लेकिन इस बार उनका किरदार बिल्कुल अलग होगा।

राजा दशरथ के किरदार में नजर आएंगे अरुण 
नितेश तिवारी की अपकमिंग फिल्म ‘रामायणम्’ से अरुण गोविल का नया पोस्टर सामने आया है। इसमें एक्टर राजा दशरथ के शाही अवतार में दिखाई दे रहे हैं। फिल्म में वह भगवान राम के पिता और अयोध्या के राजा दशरथ की भूमिका निभाएंगे। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्टर शेयर करते हुए लिखा कि एक समय अरुण गोविल ने पूरी पीढ़ी के लिए राम के किरदार को जीवंत किया था और अब वह अयोध्या के राजा के रूप में रामायण की दुनिया में लौट रहे हैं।

राम के बाद अब निभाएंगे उनके पिता का किरदार
अरुण गोविल के लिए यह भूमिका इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने सालों पहले टीवी पर भगवान राम का किरदार निभाकर दर्शकों के बीच अलग पहचान बनाई थी। अब उसी रामायण की कहानी में वह भगवान राम के पिता दशरथ की भूमिका निभाते नजर आएंगे। पोस्टर में अरुण गोविल शाही पोशाक और राजसी अंदाज में नजर आ रहे हैं। उनके लुक में राजा दशरथ के रुतबे और गंभीरता को दिखाने की कोशिश की गई है। ऐसे में दर्शकों के लिए उन्हें राम के पिता के किरदार में देखना काफी दिलचस्प होने वाला है।

ऐसी है ‘रामायणम्’ की स्टारकास्ट
‘रामायणम्’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी सीता के किरदार में नजर आएंगी। वहीं यश फिल्म में रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभाते दिखाई देंगे।

दो पार्ट में रिलीज होगी फिल्म
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायणम्’ को नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर बनाया है। यह महागाथा दो हिस्सों में रिलीज होगी। फिल्म का पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को रिलीज किया जाएगा, जबकि दूसरा पार्ट दिवाली 2027 के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा। फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी। इसे दुनियाभर में IMAX फॉर्मेट में भी रिलीज किया जाएगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Reetu sharma

Related News