हनुमान अंश की युवा प्रोड्यूसर Anupriya Nagar पहुंची कैंची धाम, बाबा नीम करौली के दरबार में टेका माथा
punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 06:07 PM (IST)
Anupriya Nagar in kainchi dham : बहुचर्चित फिल्म हनुमान अंश की युवा निर्माता अनुप्रिया नागर, जिन्हें भारत की सबसे युवा प्रोड्यूसर के रूप में पहचान मिली है। उन्होंने रविवार को अपने परिजनों तथा लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष कार्तिक पालीवाल के साथ विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन किये।
सुश्री नागर ने श्री कैंची धाम की महिमा और बाबा नीम करौली महाराज की आध्यात्मिक महत्ता के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। साथ ही उन्होंने धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा के लिए नैनीताल पुलिस व उत्तराखंड पुलिस द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना की। सुश्री नागर ने नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 मंजूनाथ टीसी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने देश-विदेश में लोकप्रिय हो रही फिल्म‘हनुमान अंश'की सफलता की जानकारी साझा करते हुए फिल्म की विषयवस्तु व उद्देश्य के बारे में विस्तार से बताया।
फिल्म के माध्यम से भगवान हनुमान की भक्ति, आस्था, संस्कार तथा बाबा नीम करौली महाराज की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयासों पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर एसएसपी ने सुश्री नागर, परिजनों व सहयोगियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और फिल्म की सफलता व उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्री कैंची धाम देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना नैनीताल पुलिस की प्राथमिकता है।
