एक्शन क्वीन बनकर छाईं आलिया भट्ट, 'अल्फा' में दिखाया दमदार परफॉर्मेंस
punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 06:32 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। लंबे इंतजार के बाद आलिया भट्ट और शरवरी वाघ स्टारर स्पाई-एक्शन थ्रिलर 'अल्फा' आखिरकार 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो गई। YRF स्पाई यूनिवर्स की इस फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त उत्साह था। दमदार एक्शन, हाई-ऑक्टेन स्टंट्स और रोमांच से भरपूर यह फिल्म बड़े पर्दे पर एक अलग सिनेमाई अनुभव देने का दावा करती है।
आलिया-शर्वरी का एक्शन अवतार
फिल्म में आलिया भट्ट और शर्वरी फुल एक्शन अवतार में नजर आती हैं। दोनों का दमदार एक्शन देखने में मजा आता है।फिल्म की कहानी एक बेहद प्रशिक्षित और मॉडिफाइड सुपर सोल्जर के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी परवरिश एक बागी कमांडर करता है। जब उसे अपने अतीत, परिवार और बचपन से जुड़े चौंकाने वाले सच का पता चलता है, तो उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है।
दमदार एक्शन स्टार साबित हुईं आलिया भट्ट
'अल्फा' में आलिया भट्ट ने साबित कर दिया है कि वह सिर्फ बेहतरीन अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि दमदार एक्शन स्टार के तौर पर भी अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। फिल्म में उन्होंने एक जासूस का किरदार निभाया है, जिसके लिए उनकी मेहनत हर फ्रेम में साफ नजर आती है। उनका आत्मविश्वास, स्क्रीन प्रेजेंस और एक्शन के प्रति समर्पण इस किरदार को बेहद प्रभावशाली बनाता है।
रोमांचक स्टंट्स ने जीता दिल
फिल्म के हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस में आलिया पूरी तरह छाई रहती हैं। उनके स्टंट्स सिर्फ बड़े और रोमांचक नहीं लगते, बल्कि उनमें वास्तविकता का भी एहसास होता है। चाहे तेज रफ्तार चेज़ सीक्वेंस हों, हैंड-टू-हैंड कॉम्बैट हो या दुश्मनों से आमना-सामना, हर दृश्य में उनकी फुर्ती और ऊर्जा देखने लायक है।
आलिया का शानदार ट्रांसफॉर्मेशन
आलिया ने अपने किरदार के लिए जिस तरह की फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन और ट्रेनिंग की है, उसका असर स्क्रीन पर साफ दिखाई देता है। वह एक मजबूत, आत्मविश्वासी और मिशन पर केंद्रित एजेंट के रूप में पूरी तरह फिट बैठती हैं। उनका एक्शन स्टाइल न केवल स्टाइलिश है, बल्कि उसमें ताकत और नियंत्रण भी नजर आता है, जो उनके किरदार को और विश्वसनीय बनाता है।
