शाहिद कपूर संग काम चुका एक्टर बना ड्रग्स डीलर, पुलिस ने बिछाया चकमा देने वाला जाल, फिल्मी अंदाज में हुई गिरफ्तारी
punjabkesari.in Monday, Aug 24, 2026 - 04:15 PM (IST)
Actor Rohullah Mehdi : मुंबई के मीरा रोड इलाके में सोशल मीडिया के जरिए कथित ड्रग्स तस्करी का नेटवर्क चलाने के आरोप में एक्टर और मॉडल रोहुल्लाह मेहदी को काशीमीरा पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। खबरों के मुताबिक, पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 5.60 लाख रूपये की 28 ग्राम MD ड्रग्स बरामद की है। इस मामले में कुल दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
FIR नंबर 437/2026 में एक्टर Rohullah Mehdi को आरोपी बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, उन्हें सूचना मिली थी कि स्नैपचैट और व्हाट्सऐप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए कथित तौर पर MD ड्रग्स की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया और ड्रग्स बरामद की।
पुलिस ने चालाकी से बिछाया जाल
सूचना के आधार पर पुलिस ने एक फर्जी ग्राहक के जरिए आरोपियों को पकड़ने की योजना बनाई। इसके तहत कासिफ नाम के शख्स को कथित तौर पर 28 ग्राम MD ड्रग्स डिलीवरी देने के लिए दसिहर नेक चाका स्थित ठाकुर मॉल के पास बुलाया गया।
ड्रग्स की कथित डील के दौरान पुलिस ने कासिफ को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की। जांच के दौरान उसने कथित तौर पर रोहुल्लाह मेहदी का नाम। लिया इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मलाड के एक स्टूडियो के बाहर मेहदी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि गिरफ़्तारी के समय वह स्टूडियो में शूटिंग के लिए पहुंचे हुए थे।
कौन हैं एक्टर रोहुल्लाह मेहदी ?
पुलिस के अनुसार, रूहुल्लाह मेहदी जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले के रहने वाले हैं और फिलहाल मुंबई के गोरेगांव में रहते थे। एक्टिंग के क्षेत्र में काम कर चुके मेहदी शाहिद कपूर स्टारर एक्शन फिल्म देवा में रोहन भाई की भूमिका में नजर आए थे। इसके अलावा उन्होंने कई वेब सीरीज में भी अभिनय किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने रूहुल्लाह मेहदी को अदालत में पेश किया। सुनवाई के बाद कोर्ट ने उन्हें पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
