Mad Sandhu की हत्या के बाद भड़के एक्टर Abhinav Shukla, पंजाब पुलिस पर उठाए सवाल- कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं
punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 04:02 PM (IST)
Abhinav Shukla on Mad Sandhu : अमृतसर में पंजाबी इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू की हत्या के बाद, टीवी एक्टर अभिनव शुक्ला ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर पंजाब पुलिस पर सवाल उठाए हैं।
सोशल मीडिया पर अभिनव ने पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस की मदद की ज़रूरत वाले असली मामलों को नजरअंदाज़किया जा रहा है। उन्होंने लिखा, "पंजाब में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है ! पंजाब पुलिस मंत्रियों और बड़े अधिकारियों की सुरक्षा और इंतज़ाम में व्यस्त है। कितनी शर्म की बात है। अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं।
'बिग बॉस 14' के कंटेस्टेंट ने आगे कहा कि असली मामलों में पुलिस की मदद चाहने वाले लोगों को निराशा हाथ लग रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनसे जुड़ी दो FIRs बिना किसी ठोस कार्रवाई के सालों से लंबित पड़ी हैं। अभिनव ने आम नागरिकों के साथ पुलिस के बर्ताव पर भी सवाल उठाए और अपनी पोस्ट में पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान को टैग किया।
उन्होंने X पर लिखा, "पंजाब में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है ! पंजाब पुलिस मंत्रियों और बड़े अधिकारियों की सुरक्षा और इंतजाम में व्यस्त है। कितनी शर्म की बात है @OfficialDPRPP, अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। जिन असली मामलों में लोगों को आपकी पुलिसिंग की ज़रूरत होती है, आप उन्हें निराश करते हैं! आप मेरी दो FIRs पर सालों से बैठे हैं और सिर्फ खोखले वादे कर रहे हैं, मैं सोच सकता हूं कि आप आम लोगों के लिए क्या करते होंगे! @AamAadmiParty @BhagwantMann आप सभी ने हमें निराश किया है ! आपके सभी वादे खोखले थे! उनकी ये बातें 3 अक्टूबर को अमृतसर में पंजाबी इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद सामने आईं। संधू, जो इस क्षेत्र की प्रमुख LGBTQ हस्तियों में से एक थीं, पर कथित तौर पर मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात लोगों ने हमला किया था।
गोली लगने के बाद संधू सड़क पर खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली थीं। इस घटना ने इलाके में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
मैड संधू, जिनका पूरा नाम मधुसूदन था, पॉडकास्ट की दुनिया में एक जाना-माना चेहरा थे। वे मेकअप, फिल्म इंडस्ट्री और जेंडर से जुड़े मुद्दों पर बात करते थे।
