‘418’ का हिंदी ट्रेलर रिलीज, 15 साल से बंद बिल्डिंग में छिपा है खौफनाक राज
punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 04:53 PM (IST)
पैन-इंडिया प्रोडक्शन हाउस मैथ्री मूवी मेकर्स अब हॉरर और थ्रिलर के जॉनर में कदम रखने जा रहा है। प्रोडक्शन हाउस की नई फिल्म ‘418’ का हिंदी ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। फिल्म को फिल्ममेकर प्रशांत नील पेश कर रहे हैं, जबकि कीर्तन नडागौडा इसके जरिए निर्देशन की दुनिया में कदम रख रहे हैं। फिल्म की कहानी भी उन्होंने ही लिखी है।
‘418’ में चैत्रा अचार, सूर्या राज, चरण लक्काराजू, प्रीति पगडाला और शशांक पाटिल अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण नवीन येरनेनी और यलमनचिली रवि शंकर ने किया है। ट्रेलर को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म में मनोवैज्ञानिक डर के साथ-साथ अलौकिक घटनाओं को भी कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया है।
15 साल से बंद बिल्डिंग में छिपा है बड़ा राज
ट्रेलर की शुरुआत एक वॉचमैन के जरिए होती है, जो एक ऐसी जगह का जिक्र करता है जहां जाने की हिम्मत कोई नहीं करता। इसके बाद कहानी 18 साल के विवेक के इर्द-गिर्द घूमती नजर आती है। विवेक ऐसी परिस्थितियों में फंस जाता है, जहां उसके लिए यह समझना मुश्किल हो जाता है कि उसके आसपास जो कुछ हो रहा है, वह हकीकत है या उसका भ्रम।
कहानी उस वक्त और रहस्यमयी हो जाती है, जब 15 साल से बंद VIMS बिल्डिंग को स्थानीय लोगों के विरोध के बावजूद दोबारा खोलने का फैसला किया जाता है। इसी बिल्डिंग का रूम नंबर 418 कहानी के रहस्य का केंद्र बनता है। इसके बाद देविका की एंट्री कहानी को एक डरावने मोड़ पर ले जाती है।
साइकोलॉजिकल थ्रिलर से हॉरर तक पहुंचता है ट्रेलर
‘418’ का ट्रेलर शुरुआत में एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर जैसा माहौल बनाता है। विवेक की मानसिक स्थिति और उसके आसपास हो रही घटनाओं के बीच कहानी आगे बढ़ती है। लेकिन कुछ ही देर में फिल्म का जॉनर पूरी तरह हॉरर की तरफ मुड़ता दिखाई देता है। ट्रेलर के दूसरे हिस्से में अलौकिक घटनाओं और डरावने दृश्यों की भरमार है। मेकर्स ने कहानी में जबरन कॉमेडी या दूसरे कमर्शियल एलिमेंट जोड़ने के बजाय डर और सस्पेंस पर फोकस किया है। यही वजह है कि ट्रेलर की कई झलकियां एक बेचैन करने वाला माहौल तैयार करती हैं।
चैत्रा अचार ने खींचा ध्यान
ट्रेलर में चैत्रा अचार सबसे ज्यादा ध्यान खींचती हैं। उनका किरदार फिल्म के दूसरे हिस्से में एक अलग ही रूप में सामने आता है। उनकी डरावनी मौजूदगी और रहस्यमयी हरकतें ट्रेलर के हॉरर फैक्टर को काफी बढ़ाती हैं। इसके अलावा सूर्या राज, चरण लक्काराजू, प्रीति पगडाला और शशांक पाटिल के किरदारों की भी झलक देखने को मिलती है। हालांकि इन किरदारों की कहानी में असली भूमिका क्या होगी, इसे मेकर्स ने फिलहाल पूरी तरह उजागर नहीं किया है।
सिनेमैटोग्राफी और बैकग्राउंड स्कोर भी खास
फिल्म के डरावने माहौल को तैयार करने में सिनेमैटोग्राफर दिनेश दिवाकर का काम भी अहम नजर आता है। ट्रेलर में इस्तेमाल किए गए कैमरा एंगल और अंधेरे फ्रेम सस्पेंस को मजबूत करते हैं। वहीं वेंकी GG का बैकग्राउंड स्कोर डरावने सीन्स को और प्रभावी बनाता है। प्रोडक्शन डिजाइनर उल्लास हाइदूर ने भी फिल्म की दुनिया को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। खासकर भूतिया घर को इस तरह डिजाइन किया गया है कि वह खुद कहानी का एक हिस्सा महसूस होता है।
23 अक्टूबर को रिलीज होगी ‘418’
‘418’ का ट्रेलर हॉरर, रहस्य और अलौकिक घटनाओं की वजह से फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ाता है। फिल्म दशहरा के मौके पर 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसे तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम और हिंदी समेत पांच भाषाओं में पैन-इंडिया स्तर पर रिलीज किया जाएगा।
