एक्शन में आई महाराष्ट्र साइबर पुलिस... 370 रुपये बिरयानी विवाद में, Pranit More समेत कई लोगों पर दर्ज हुई FIR
punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 06:03 PM (IST)
370 Biryani Controversy : 370 बिरयानी विवाद खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। आए दिन Pranit More की परेशानियां दिन ब दिन बढ़ती जा रही हैं। आपको बता दें मशहूर कॉमेडियन और बिग बॉस फेम प्रणीत मोरे अब क़ानूनी विवादों में फंस गए हैं। इस वीडियो को देखने के बाद महाराष्ट्र की साइबर सेल एक्शन में आ गई है और प्रणीत मोरे समेत हिमांशु जांगड़ा, डॉ. सेजल पवार और भी लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
प्रणित मोरे, हिमांशु जांगड़ा और डॉ. सेजल पवार को भेजा समन
खबरों के मुताबिक महाराष्ट्र साइबर पुलिस को इस मामले को लेकर एफआईआर दर्ज करनी पड़ी। यह केस नोडल साइबर पुलिस स्टेशन में एफआईआर नंबर 36/2026 के तहत दर्ज किया गया है। मामले से जुड़े लोगों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की कई धाराओं के साथ-साथ आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इसी बीच साइबर पुलिस ने पूछताछ के लिए प्रणीत मोरे, हिमांशु जांगड़ा और डॉ. सेजल पवार को नोटिस भेज दिया है और साथ में उनके ब्यान दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर संबंधित सभी लोगों के खिलाफ आवश्यक क़ानूनी
कदम उठाए जाएंगे।
क्या है 370 बिरयानी विवाद ?
प्रणित मोरे के क्राउड वर्क शो की एक वीडियो क्लिप इन दिनों काफी वायरल हो रही है, जिसे लोग 370 रुपए बिरयानी विवाद के नाम से जानते हैं। इस वीडियो में हिमांशु नाम के एक लड़के ने अपनी डेटिंग लाइफ से जुड़ा अनुभव शेयर किया है। बातचीत के दौरान उसने महिलाओं के बारे में कई आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां कीं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उसकी कड़ी आलोचना होने लगी।
विवाद सिर्फ हिमांशु की टिप्पणियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शो के होस्ट प्रणित मोरे भी लोगों के निशाने पर आ गए। आरोप है कि उन्होंने युवक को रोकने या उसकी बातों का विरोध करने के बजाय पूरे घटनाक्रम पर हंसी-मजाक किया और उसकी टिप्पणियों को गंभीरता से नहीं लिया। इसी वजह से सोशल मीडिया यूजर्स ने प्रणित की भूमिका पर भी सवाल उठाए और उन्हें भी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।
