कभी प्लेटफॉर्म पर बिताया करते थे रात, यूपीएससी में हासिल 101वां रैंक

punjabkesari.in Saturday, May 05, 2018 - 05:33 PM (IST)

नई दिल्ली:  यूपीएससी सिविल सर्विस 2017 की परीक्षा में कई ऐसी कहानियां सामने आई हैं जिन्होंने अपनी मेहनत और लगन से सफलता हासिल की है। आज एक ऐसी कहानी बताने जा रहे हैं। एम शिवागुरू प्रभाकरन ने 101 वां रैंक हासिल किया है। 

प्रभाकरन सिविल सर्विसेज परीक्षा में आईएएस के लिए चुने गए हैं। प्रभाकरन तमिलनाडु के तंजावुर के पट्युकोट्टई में मेलाओत्तान्काडू गांव के रहने वाले हैं। पिता शराबी होने की वजह से घर की सारी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। जिसके चलते वह जल्दी ही अपनी जिम्मेदारियां समझ गए थे।

बता दे कि परिवार की स्थिति इतनी अच्छी ना होने के कारण उन्होंने 12वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी। पढ़ाई छोडऩे के बाद उन्होंने घर की जिम्मेदारी संभाली और नौकरी शुरू की। प्रभाकरन ने 2 साल तक आरा मशीन में लकड़ी काटने का काम किया। इसके साथ उन्होंने खेतों में मजदूरी भी की, ताकि घर का खर्चा चल सके।

भले ही प्रभाकरन ने 12वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी लेकिन सपने को पूरा करने में जी तोड़ मेहनत की।  घर की  जिम्मेदारी निभाने के बाद प्रभाकरन ने चेन्नई से अपने सपने को पूरा करने की शुरुआत की। जहां वह इंजीनियरिंग करने का सपना लेकर आए। उन्होंने आईआईटी से पढ़ाई करने के लिए होने वाले एंट्रेंस परीक्षा को पास करने के लिए जीतोड़ मेहनत की। वो दिन में पढ़ाई करते और रातें सेंट थॉमस मांउंट रेलवे स्टेशन पर बिताया करते थे। दिन-रात की कड़ी मेहनत करने के बाद उन्हें आईआईटी में दाखिला मिल गया।  जिसके बाद उन्होंने एमटेक में टॉप रैंक हासिल की।

एमटेक में टॉप रैंक हासिल करने के बाद वह सिविल सर्विस की परीक्षा के लिए मेहनत करने लग गए।  आपको बता दें, उन्होंने चौथी बार यूपीएससी की परीक्षा में 101वीं रैंक हासिल की। इससे पहले वह 3 बार असफल हो गए थे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

pooja

Related News