इस University के स्टूडेंट ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, साइकिल से तय किया 15 हजार K.M का सफर

Thursday, Sep 21, 2017 - 05:06 PM (IST)

जालंधरः ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के छात्र प्रदीप राणा ने साइकिल से सबसे लम्बी दूरी तय करने का विश्व रिकॉर्ड बनाया है। बता दें कि  छात्र प्रदीप राणा ने 15 हजार 261 किलोमीटर का सफर करके एक नया विश्व कीर्तिमान स्थापित कर दिया है।

 

खबर के अनुसार, छात्र प्रदीप ने 116 दिन पहले विश्वविद्यालय परिसर से यह साइकिल अभियान शुरू किया था। कुलपति डॉ. संजय जसोला ने हरी झंडी दिखाकर प्रदीप को इस अभियान पर रवाना किया था।

 

साइकिल यात्रा के दौरानप्रदीप आज हिमाचल प्रदेश के पालमपुर पहुंच गए हैं। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, नागालैंड, सिक्किम, कर्नाटक, मेघालय, असम, गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, केरल, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब समेत कई राज्यों का सफर किया है। 

 

प्रदीप ने बताया कि साइकिल यात्रा के दौरान कई बार उनका सामना वन्य जीवों से हो चुका है। केरल-कर्नाटक की सीमा पर स्थित  मुदुमलाई वन्य जीव अभ्यारण्य में करीब सौ मीटर की दूरी से हाथियों से उनका सामना हो गया था। एक हफ्ते पहले ही वहां जंगली  हाथी एक व्यक्ति की जान ले चुका था। खामोशी के साथ तेजी से साइकिल चलाकर वह हाथियों से दूर निकल गए।

 

रोज चलाते थे 130 से 140 किमी. साइकिल

प्रदीप हर रोज 130 से 140 किलोमीटर तक साइकिल चलाते है। अभियान के शुरूआती दिनों में करीब 40 दिन बारिश होने के कारण उसे कुछ परेशानी जरूर हुई। पहाड़ी क्षेत्रों में चढ़ाई वाले रास्तों पर एक दिन में बामुश्किल 100 किलोमीटर साइकिल चल पाती है। 

 

ग्राफिक एरा ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. कमल घनशाला ने नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने पर प्रदीप राणा को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के साथ ही पूरे उत्तराखंड को प्रदीप राणा पर गर्व है। उन्होंने कहा कि यह ग्राफिक एरा के शिक्षक और छात्रों का पांचवा कीर्तिमान है। इससे पहले विश्वविद्यालय के शिक्षक और छात्र- छात्राएं दो वर्ल्ड रिकॉर्ड और दो राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित कर चुके हैं।
 

Advertising