लगातार बैठते हैं कंप्यूटर स्क्रीन के सामने तो बरतें ये सावधानियां,पढ़ें खबर
punjabkesari.in Saturday, Apr 15, 2017 - 09:57 AM (IST)

नई दिल्ली : हममें से कई सारे लोग अपना सारा दिन पीसी के सामने बिता देते होंगे, जिससे हमारी आंखों पर काफी जोर पड़ता है। इससे कुछ समय बाद, दीर्घकालिक समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। जानिए पीसी पर ज्यादा काम करने से हमारी आंखों पर क्या प्रभाव पड़ता है। कम्प्यूटर चलाने वाले लोगों की आंखों पर काफी ज्यादा तनाव पड़ता है। लगभग 8 प्रतिशत कम्प्यूटर इस्तेमालकर्ताओं को हर दिन आंखों के दर्द और स्ट्रेन को झेलना पड़ता है। आंखों पर पड़ने वाले इस तनाव को मेडीकल भाषा में एस्थेनोपिया कहा जाता है जो कि असहज और परेशान कर देने वाला होता है। अध्ययन से यह स्पष्ट हो चुका है कि शुरूआत में, आपकी इसके बारे में ज्यादा पता नहीं चलेगा लेकिन धीरे-धीरे इससे आपको काफी दिक्कतें होने लगेगी। समस्याएं और परेशानियां तब ज्यादा महसूस होती है जब इस समस्या को लम्बा समय हो जाता है। इन समस्याआें का दुष्प्रभाव काफी ज्यादा होता है। अगर आप दिन के कई घंटे पीसी या लैपटॉप के सामने बिताते हैं तो बीच-बीच में आराम करते रहें। इन सब परेशानियों से बचने के लिए आप कंप्यूटर पर काम करते समय इन बातों को अपनी रूटीन में शामिल करें।
1 जो कुछ भी आप कम्प्यूटर में पढ़ रहे हैं उसका साइज बड़ा करने से अापकी इससे आंखों को आराम मिलेगा।
2 लगातार स्क्रीन को देखते समय अाप आंखें झपकाना भूल जाते हैं. जिससे आंखे सूख जाती हैं। इसलिए आइड्रॉप आंखों में डालकर आप रिलेक्स फील कर सकते हैं।
3 कम्प्यूटर स्क्रीन में ज्यादा ब्राइटनेस की वजह से भी आंखों में तनाव और सरदर्द हो जाता है। इसलिए समय-समय पर स्क्रीन की ब्राइटनेस अडजेस्ट करते रहें।
4 लगातार 20 मिनट स्क्रीन देखने के बाद 20 सेकेंड कहीं और देखें. इससे आपकी आंखों की मांसपेशियों को आराम मिलेगा।
5 जब भी आप कंप्यूटर पर काम कर रहे हो तो ध्यान रखें कि रूम में रोशनी पूरी हो।लाइट सीधी आंखों पर न पड़े।
6 कंप्यूटर पर काम करने के लिए एेसी चेयर का इस्तेमाल करें। जिसमें आर्म रेस्ट लगा हो।
7 हमेशा कंप्यूटर पर गहरे रंग का फान्ट और हल्के रंग के बैक ग्राउंड पर काम करना चाहिए।