न्यूयार्क के स्कूलों में सिख धर्म के बारे होगी पढ़ाई

Monday, Jul 23, 2018 - 09:04 AM (IST)

न्यूयार्कः अमरीका में 70 प्रतिशत से ज्यादा नागरिकों को सिख धर्म की जानकारी नहीं होने के बीच न्यूयार्क प्रांत के स्कूलों में इस धर्म तथा इसकी परंपराओं के बारे में पढ़ाया जाएगा।  फाक्स 5 एनवाई की खबर के अनुसार, गैर सरकारी संगठन ‘‘ यूनाइटेड सिख्स ’’ ने न्यूयार्क के शिक्षा विभाग के साथ गठजोड़ किया है। इसका मकसद अमेरिकी विद्यार्थियों को सिख धर्म के बारे में जानकारी देना है। 

 

 रिपोर्ट के अनुसार ‘‘यूनाइटेड सिख्स’’ के वरिष्ठ नीति सलाहकार प्रीतपाल सिंह ने कहा कि उनके समूह ने जिन अमरीकियों का सर्वेक्षण किया उनमें से 70 प्रतिशत लोगों को सिख धर्म के बारे में जानकारी नहीं है। अमरीकी छात्रों को अपने सिख सहपाठियों के बारे में पता नहीं है। 

 

रिपोर्ट में सिंह के हवाले से कहा गया है,उन्हें यह नहीं पता है कि हम कौन हैं , हमारा मूल क्या है , हम कहां से आते हैं या हम किस देश से आते हैं। उन्होंने कहा कि यह तथ्य कि हम भारत से आते हैं , वे नहीं समझ पाते। औपचारिक रूप से पाठ्यक्रम शुक्रवार को घोषित किया गया। लेकिन वास्तव में इसकी शुरूआत सितंबर 2016 में कुछ शहर की कक्षाओं से हुई थी।  एक अनुमान के अनुसार, करीब पांच लाख सिख अमरीका में रहते हैं।   

Sonia Goswami

Advertising