माइक्रोसॉफ्ट में इस महीने खतरे में पड़ सकती हैं 700 Jobs, रिपोर्ट
punjabkesari.in Sunday, Jan 22, 2017 - 01:14 PM (IST)

नई दिल्ली : 26 जनवरी को माइक्रोसॉफ्ट में 700 लोगों की नौकरी खतरे में पड़ने वाली है । एक मीडिया रिपोर्ट्स में ऐसा दावा किया गया है। कंपनी ने जून 2017 तक 2,850 छंटनी करने का ऐलान किया था। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यह छंटनी कंपनी के उसी ऐलान का हिस्सा होंगी। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से उल्लेख किया गया है, 'यह छंटनियां कंपनी के किसी खास ग्रुप में नहीं होंगी बल्कि यह छंटनियां बड़े स्तर पर होंगी। कंपनी ने अपने कई दफ्तरों और बिजनस यूनिट्स में विश्व स्तर पर छंटनी करेगी।'
जानकारी के मुताबिक माइक्रोसॉफ्ट के पास करीब 1,13,000 लोगों का वर्कफोर्स है। कंपनी में हायरिंग अब भी चल रही है। लिंक्डइन पर 1,600 जॉब के लिए पोस्ट डाली गई है। इन छंटनियों के बारे में कंपनी का कहना है कि विभिन्न यूनिट्स में स्किल अपग्रेड करने के लिए ऐसा कर रहे हैं। भारतीय मूल के सीईओ सत्य नडेला के प्रभार संभालने के बाद से माइक्रोसॉफ्ट में बड़े पैमाने पर छंटनी हुई हैं। गौरतलब है कि पिछले वित्त वर्ष में करीब 7,400 लोगों को नौकरियों से निकाला गया था। माइक्रोसॉफ्ट के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी छंटनी 2014 में हुई थी जब 18,000 लोगों को निकाला गया था।