एम.बी.बी.एस. व बी.डी.एस. कोर्सों में प्रवेश को एन.ई.ई.टी. 7 मई को
punjabkesari.in Sunday, Feb 05, 2017 - 09:59 AM (IST)

नई दिल्ली : एम.बी.बी.एस. व बी.डी.एस. कोर्सों में प्रवेश के लिए नैशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रैंस टैस्ट (एन.ई.ई.टी.) 7 मई को आयोजित होगी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सी.बी.एस.ई.) ने एन.ई.ई.टी. की तिथि का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही सी.बी.एस.ई. ने आवेदन प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। मैडीकल कोर्सों एम.बी.बी.एस. व बी.डी.एस. मेें प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा में बैठने के लिए उम्मीदवार अब ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
सभी एम.बी.बी.एस./बी.डी.एस. कोर्सों में प्रवेश के लिए सत्र-2017 के लिए प्रवेश प्रक्रिया एन.ई.ई.टी. के माध्यम से ही होगी। यह परीक्षा 80 शहरों में स्थापित किए जाने वाले परीक्षा केंद्रों पर 7 मई को आयोजित होगी। एम.बी.बी.एस. व बी.डी.एस. कोर्स में प्रवेश लेने के लिए नैशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रैंस टैस्ट देने वाले की न्यूनतम आयु 17 वर्ष होना अनिवार्य है जबकि अधिकतम आयु 25 वर्ष निर्धारित की गई है।
यहां बता दें कि सी.बी.एस.ई. इस बार मैडीकल व डैंटल कालेजों की सभी सीटों के लिए एन.ई.ई.टी. आयोजित करेगा। इसके चलते सी.बी.एस.ई. ने प्रवेश परीक्षा आयोजित करने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। सूचना है कि प्रवेश परीक्षाएं आयोजित करने के लिए परीक्षा केंद्रों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और इसके तहत करीब 1500 परीक्षा केंद्र स्थापित करने की तैयारी है। एन.ई.ई.टी. से संबंधित विस्तारपूर्वक जानकारी सी.बी.एस.ई. की वैबसाइट पर उपलब्ध है।