10 तरह की राइटिंग, 1 मिनट में 45 शब्द, दोनों हाथों से लिखती है ये 16 साल की लड़की
punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2020 - 10:58 AM (IST)

नई दिल्ली: आधुनिक युग में कामयाबी का कोई शॉर्टकट नहीं है, लेकिन कुछ बातों का ख्याल रखा जाए तो करियर को आसानी से ऊंचाइयों पर पहुंचाया जा सकता है। लक्ष्य को पाने के लिए यह मायने रखता है कि आप अपने उसके लिए कितने ईमानदार हैं और उसे पाने के लिए कितनी कड़ी मेहनत करते हैं। बात कर रहे है 16 वर्षीय आदि स्वरूपा की जो एक साथ दोनों हाथों से लिखती है।
एक समय में दोनों हाथों से लिखना
ऐसी ही कहानी है कर्नाटक के मंगलौर की रहने वाली 16 वर्षीय आदि स्वरूपा की है जो बहुत से काम एक साथ कर लेती है। सबसे अहम बात कि आदि स्वरूपा एक समय में अपने दोनों हाथों से लिख सकती हैं। आदि स्वरूपा का कहना है कि- मैं इंग्लिश और कन्नड़ एक समय में लिख सकती हूं." उन्होंने आगे कहा- "मैं मिमिक्री और सिंगिंग भी करती हूं."
एक मिनट में लिख सकती है 45 शब्द
आदि स्वरूपा की मां का कहना है कि प्रैक्टिस करके उसने अपने हुनर को निखारा है। उन्होंने बताया कि आदि स्वरूपा एक मिनट में अपने दोनों हाथों से 45 शब्द लिख सकती हैं। बता दें कि आदि स्वरूपा ने करीब 2.5 साल की उम्र में ही लिखना शुरू कर दिया था। स्वरूपा अपने दोनों हाथों का इस्तेमाल करके 10 अलग-अलग स्टाइल में लिख सकती है।
ये है रुझान
वह साहित्यिक गतिविधियों, संगीत, यक्षगान, ड्राइंग, मिमिक्री, बीटबॉक्सिंग में भी रुचि रखती हैं। वह गिटार और कीबोर्ड भी सीख रही हैं, वह अब अंग्रेजी में एक नोवेल लिख रही हैं। सुत्रों के मुताबिक वह चार से पांच सेकेंड में 1,000 से अधिक वस्तुओं को याद करने का रिकॉर्ड बनाने के लिए खुद को तैयार कर रही हैं।