छात्रों के लिए फिर दुनिया का सर्वश्रेष्ठ शहर बना लंदन, बेंगलूर 81वें स्थान पर

Thursday, Aug 01, 2019 - 11:24 AM (IST)

लंदन: ब्रिटेन की राजधानी लंदन ने टोक्यो और मेलबोर्न जैसे अंतर्राष्ट्रीय शहरों को पीछे छोड़ते हुए दुनिया में छात्रों के लिए लगातार दूसरे साल सर्वश्रेष्ठ शहर का खिताब हासिल किया है। यह नई वैश्विक रैंकिंग बुधवार को जारी की गई। वैश्विक शिक्षा कंसल्टैंसी ‘क्यू.एस. क्वाक्यूरेली सायमंड्स’ ने ‘क्यू.एस. बैस्ट स्टूडैंट सिटीज रैंकिंग’ तैयार की है, जिसमें हर शहर के प्रदर्शन को 6 श्रेणियों में रेखांकित किया गया है। वहीं 120 देशों की सूची में भारत के बेंगलूर शहर को इस श्रेणी में 81वां स्थान मिला है जबकि मुंबई 85वें, दिल्ली 113वें तथा चेन्न्ई को 115वां स्थान हासिल हुआ है। 

इसमें शीर्ष क्रम के विश्वविद्यालयों की संख्या, जीवन की गुणवत्ता, स्नातक के बाद नौकरी के उपलब्ध अवसर, वहनीयता और छात्रों की खुद की प्रतिक्रिया को शामिल किया गया है। पाकिस्तानी मूल के लंदन के मेयर सादिक खान ने कहा कि लंदन को फिर से दुनिया में सबसे अच्छे शहर का दर्जा दिया गया है। यह छात्रों के लिए अच्छी खबर है। 

उन्होंने कहा, ‘‘यह एक और साक्ष्य है कि लंदन दुनिया भर के छात्रों और प्रतिभाओं के लिए खुला है.'' इस सूची में लंदन के बाद जापान का टोक्यो दूसरे और आस्ट्रेलिया का मेलबर्न तीसरे स्थान पर काबिज है।

 

Riya bawa

Advertising