JNU छात्रसंघ चुनाव: 57 उम्मीदवारों के भाग्य EVM में कैद, 67.9% हुआ मतदान

Saturday, Sep 07, 2019 - 10:44 AM (IST)

नई दिल्ली: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्रसंघ के चुनाव के केंद्रीय पैनल के पदों के लिए इस बार 14 उम्मीदवार और विभिन्न स्कूलों के काउंसलर पद के लिए 43 उम्मीदवार सहित कुल 57 उम्मीदवार चुनाव के मैदान हैं। 5762 छात्रों के मतदान से उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हो गया। शुक्रवार सुबह 50 मिनट देरी से मतदान शुरू हुआ। 

पहले मतदान का समय सुबह 9.30 मिनट तय किया गया था। देरी पर इलेक्शन कमीशन ने कहा कि तकनीकि खामी की वजह से देरी हुई है। जिसके बाद पहले चरण का मतदान सुचारू रूप से दोपहर 1 बजे तक चला। उसके बाद दूसरे चरण का मतदान दोपहर 2.30 बजे शुरू होकर शाम 5:30 बजे तक चला। मतदान के लिए जेएनयू में अंतर्राष्ट्रीय अध्ययन केंद्र-1, 2 स्कूल ऑफ लैंग्वेज, स्कूल ऑफ सोशल साइंस-3 और स्कूल ऑफ इनवायरमेंटल साइंस में पोलिंग बूथ बनाए गए थे। देर शाम इलेक्शन कमेटी ने बताया कि कुल 5762 छात्रों ने मतदान किया। जोकि कुल वोट का 67.9 फीसद है।

सुरक्षा-व्यवस्था रही चाक चौबंद
जेएनयू गेट के बाहर दिल्ली पुलिस सहित अन्य फोर्स के जवानों को लगाया गया था। जिन्होंने जेएनयू मुख्य द्वार को 100 मीटर के दायरे में बेरीकेड से कवर किया हुआ था। गेट से अंदर जाने पर सुरक्षाकर्मियों ने पहचान के लिए छात्रों से जेएनयू के पहचान पत्र मांग कर और अन्य से उनकी पहचान और किससे मिलना है की जानकारी लेकर ही लोगों को जेएनयू परिसर में अंदर जाने दिया।

Riya bawa

Advertising