जेईई एडवांस 2018 : छात्र हिंदी और अंग्रेजी में भी देख सकेंगे सवाल
punjabkesari.in Sunday, Jan 28, 2018 - 02:40 PM (IST)

नई दिल्ली : आईआईटी कानपुर ने जेईई एडवांस-2018 का इनफॉर्मेशन बुलेटिन जारी कर दिया है। जेईई एडवांस में पहली बार सवाल हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में दिए जाएंगे। जेईई एडवांस के लिए रजिस्ट्रेशन 2 मई से शुरू होंगे और ये 7 मई तक किए जाएंगे। जेईई एडवांस परीक्षा 20 मई को सुबह 9 बजे से 12 बजे व दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे के बीच होगी।
यह पहली बार है जब छात्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में सवाल देख सकेंगे। अब तक परीक्षा ऑफलाइन होने के कारण पेपर हिंदी या अंग्रेजी में ही आता था। ऑनलाइन पेपर की खास बात यह भी रहेगी कि छात्र स्क्रीन पर एक साथ सभी सवाल देख पाएंगे। इसके साथ ही कितने सवाल हल कर दिए हैं, कितने शेष हैं और कितनों को रिव्यू करने के लिए रखा है, इसकी जानकारी अलग-अलग कलर में स्क्रीन पर डिस्प्ले होगी।