IIT भुवनेश्वर के नए परिसर का 24 दिसंबर को उद्घाटन करेंगे मोदी

Monday, Dec 17, 2018 - 10:14 AM (IST)

भुवनेश्वरः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 24 दिसंबर को ओडिशा के दौरे पर आने का कार्यक्रम है और इस दौरान वह आईआईटी-भुवनेश्वर के नए परिसर तथा कई अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। केन्द्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने  यह जानकारी दी। 

 

प्रधान ने बताया कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), भुवनेश्वर के नए परिसर को सर्मिपत करने के अलावा, मोदी आईआईएसईआर (भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान), बरहमपुर की आधारशिला रखेंगे। पैट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री ने ट्वीट किया कि प्रधानमंत्री ओडिशा में कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और कई का उद्घाटन करेंगे।  

 

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने खुर्दा में ऐतिहासिक बरूणेइ हिल्स के पास मोदी के कार्यक्रम स्थल का दौरा किया और जिला प्रशासन के साथ तैयारियों का जायजा लिया। प्रधान ने कहा कि केन्द्र सरकार ऐतिहासिक पाइका विद्रोह के दो सौ साल पूरे होने का जश्न मना रही है और प्रधानमंत्री, स्मरणीय सिक्का, प्रतीक चिन्ह जारी करेंगे और विद्रोह की याद में उत्कल विश्वविद्यालय में ‘चेयर’ का उद्घाटन करेंगे।     

 

पाइका विद्रोह वर्ष 1817 में ओडिशा में ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी के शासन के खिलाफ सैन्य संघर्ष था। पाइका ओडिशा के पारंपरिक लड़ाके थे जिन्होंने योद्धाओं की तरह संघर्ष किया। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री की यात्रा के बारे में जल्द ही आधिकारिक घोषणा की जाएगी।      
 

Sonia Goswami

Advertising