गुरु का स्थान नहीं ले सकता गूगल : उपराष्ट्रपति

Monday, Dec 11, 2017 - 01:57 PM (IST)

विशाखापट्टनम : उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने शिक्षकों और शिक्षा की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि गूगल कभी भी ‘गुरु’ का स्थान नहीं ले सकता, एक गुरु केवल अकादमिक शिक्षा ही नहीं देता बल्कि उसकी गहराई से भी परिचित कराता है। उन्होंने छात्रों से असामाजिक तत्वों से प्रभावित न होने के लिए कहा, जो विश्वविद्यालयों में अराजकता पैदा करने की कोशिश करते हैं।

नायडू ने यहां आंध्र विश्वविद्यालय की एलुमनी मीट में कल कॉलेज ऑफ लॉ की अपनी कक्षा में थोड़ा वक्त बिताया और छात्रों के साथ अपनी यादें सांझा कीं। उन्होंने कहा कि आंध्र विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद से ‘ए’ ग्रेड मिला है लेकिन उसे ‘ए प्लस प्लस’ ग्रेड हासिल करने के लिए शिक्षण, शोध के लिहाज से अपनी गुणवत्ता में सुधार लाने की जरूरत है। उन्होंने विश्वविद्यालय की कन्वैंशन सैंटर इमारत का भी उद्घाटन किया। नायडू ने विशाखा-भीमिल बीच रोड पर चेपलाउप्पडा गांव का भी दौरा किया और वहां कई विकास कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। उन्होंने इस गांव को गोद लिया था। नायडू ने कहा कि किसानों द्वारा की गई खुदकुशियों का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए।

Advertising